'तन्वी द ग्रेट' देख रवि किशन हुए मुरीद, उनकी तारीफ सुन भावुक हुए अनुपम खेर; बोले- ये शब्द हौसला हैं

'तन्वी द ग्रेट' पर रवि किशन की तारीफ से भावुक हुए अनुपम खेर, बोले-आपके शब्द हमारे लिए हौसला हैं


मुंबई, 6 मार्च। फिल्मी दुनिया में जब किसी कलाकार की मेहनत को दूसरे कलाकार खुलकर सराहते हैं, तो वह पल खास बन जाता है। इस कड़ी में भोजपुरी अभिनेता और नेता रवि किशन ने अनुपम खेर द्वारा निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की जमकर तारीफ की।

रवि किशन की इस प्रतिक्रिया से प्रभावित होकर अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें रवि किशन फिल्म और उसके कलाकारों की सराहना करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के जरिए अनुपम खेर ने उनका आभार व्यक्त किया और बताया कि उनके शब्दों ने पूरी टीम का दिल छू लिया।

अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में रवि किशन का वीडियो साझा करते हुए उनके लिए एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''प्रिय रवि किशन, 'तन्वी द ग्रेट' फिल्म देखने के बाद आपने जो प्यार और सच्चाई से इसकी तारीफ की, उसने मेरा और पूरी टीम का दिल छू लिया।'

अनुपम ने आगे रवि किशन की शख्सियत की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा, ''मैंने आपको हमेशा एक बेहद जीवंत और प्रतिभाशाली अभिनेता के रूप में सराहा है पर उससे भी ज्यादा आपकी वह ऊर्जा और इंसानियत मुझे प्रभावित करती है जो आपको लोगों से जोड़ती है, चाहे वह सिनेमा हो या जनसेवा।''

अनुपम ने कहा, "जब आप जैसे संवेदनशील कलाकार इस फिल्म के भाव को महसूस करते हैं तो लगता है कि हमारी मेहनत सच में लोगों के दिलों तक पहुंच रही है। आपके शब्द हमारे लिए सिर्फ प्रशंसा नहीं, एक बड़ा हौसला है।"

वीडियो में रवि किशन फिल्म के निर्देशन और कलाकारों के काम की खुलकर सराहना करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अनुपम खेर द्वारा निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' देखी और इसमें तन्वी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी दत्त का अभिनय वाकई काबिलेतारीफ है। रवि किशन ने फिल्म के निर्देशन और उसकी भावनात्मक गहराई की भी प्रशंसा की।

फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की कहानी तन्वी रैना नाम की एक 21 साल की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ऑटिज्म स्पेक्ट्रम से जुड़ी चुनौतियों का सामना करती है। फिल्म में उसकी जिंदगी, उसके संघर्ष और उसके सपनों को संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है।

इस किरदार को अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने निभाया है और उनके अभिनय को काफी सराहना मिल रही है। हाल ही में उन्हें इस फिल्म में शानदार प्रदर्शन के लिए 'उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार' भी मिला है। फिल्म में अनुपम खेर खुद भी अहम भूमिका में नजर आए हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top