मध्य पूर्व के युद्ध प्रभावित देशों में सीबीएसई छात्रों की पढ़ाई पर संकट! शिक्षा मंत्रालय लेगा भविष्य को लेकर अहम निर्णय

मध्य पूर्व के देशों में रहने वाले सीबीएसई छात्रों पर जल्‍द होगा अहम निर्णय


नई दिल्ली, 6 मार्च। ईरान और इजरायल युद्ध के कारण मध्य पूर्व के देशों में रहने वाले भारतीय छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित न हो, इसको लेकर शिक्षा मंत्रालय जल्द ही महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है।

दरअसल बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों का एक व्यापक नेटवर्क है। मध्य पूर्व देशों में सीबीएसई से संबंधित 200 से ज्यादा स्कूल और 2 लाख से अधिक छात्र हैं। यहां पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के छात्रों की कई बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। वहीं, 12वीं के छात्रों को लेकर शनिवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा।

सीबीएसई ने मध्य पूर्व के कई देशों में चल रही परिस्थितियों को देखते हुए कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर यह बड़ा निर्णय लिया है। बोर्ड बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अपने संबद्ध विद्यालयों को विस्तृत निर्देश भेज चुका है।

बोर्ड ने बताया है कि इन क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति की गंभीर समीक्षा करने के बाद 7 मार्च से 11 मार्च के बीच होने वाली कक्षा 10 की सभी परीक्षाएं पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा 2 मार्च, 5 मार्च और 6 मार्च को जो परीक्षाएं स्थगित की गई थीं, वे परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। इन्हें पहले स्थगित किया गया था। यानी अब इन सभी तिथियों की परीक्षाएं आयोजित नहीं होंगी।

10वी के विद्यार्थियों का परिणाम किस आधार पर और किस तरीके से घोषित किया जाएगा, इसको लेकर बोर्ड और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय मंथन करेंगे। हालांकि कक्षा 12 की परीक्षाओं के मामले में बोर्ड ने अभी भी अलग व्यवस्था अपनाई है।

7 मार्च को होने वाली कक्षा 12 की परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसकी नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। बोर्ड ने यह भी कहा है कि 7 मार्च को स्थिति की फिर से समीक्षा की जाएगी। उसके बाद 9 मार्च से आगे होने वाली परीक्षाओं के बारे में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इन सातों देशों में मिलाकर लगभग 150 से अधिक सीबीएसई से संबंधित विद्यालय संचालित हो रहे हैं। सबसे अधिक विद्यालय संयुक्त अरब अमीरात में हैं, जहां लगभग 80 से 100 के बीच स्कूल सीबीएसई से जुड़े हुए हैं। इसके बाद सऊदी अरब में लगभग 40 से अधिक विद्यालय हैं।

ओमान में करीब 21, कुवैत में लगभग 19 और कतर में लगभग 15 से 20 विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध हैं। बहरीन में इनकी संख्या लगभग 3 से 8 के बीच है। वहीं, ईरान में भी सीबीएसई विद्यालय संचालित है। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी काफी बड़ी है।

मध्य पूर्व के देशों में कुल मिलाकर लगभग 3 लाख के आसपास विद्यार्थी इन स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें सबसे अधिक छात्र संयुक्त अरब अमीरात में हैं। वहीं सऊदी अरब में यह संख्या लगभग 80,000 के आसपास है।

इन सातों देशों में सीबीएसई के विद्यालय और विद्यार्थियों की संख्या एक बड़ा शैक्षिक तंत्र बनती है। यह तंत्र मुख्य रूप से यहां रहने वाले भारतीय प्रवासी परिवारों के बच्चों को भारतीय पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा प्रदान करता है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top