रायसीना में भारत-स्विट्जरलैंड ने की द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत, आर्थिक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

रायसीना डायलॉग में भारत और स्विट्जरलैंड ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा


नई दिल्ली, 6 मार्च। नई दिल्ली में आयोजित 11वें रायसीना डायलॉग के दौरान विदेश मंत्रालय में पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्री एलेक्जेंडर फासेल से मुलाकात की। इस बैठक में अलग-अलग सेक्टर में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर फोकस किया गया।

बैठक के दौरान जॉर्ज और फासेल ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्ट किया, “पश्चिम मामलों के सचिव राजदूत सिबी जॉर्ज ने आज नई दिल्ली में 11वें रायसीना डायलॉग के दौरान स्विट्जरलैंड के विदेश मामलों के राज्य सचिव एलेक्जेंडर फासेल से मुलाकात की। विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई और क्षेत्रीय तथा वैश्विक विकासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के कार्यान्वयन से तकनीकी सहयोग बढ़ेगा, गुणवत्तापूर्ण निवेश आएगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।”

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यावसायिक संपर्क 19वीं सदी की शुरुआत से ही रहे हैं। वर्ष 1851 में वोलकार्ट ट्रेडिंग कंपनी ने बासेल और मुंबई में अपने कार्यालय स्थापित किए थे।

प्रथम विश्व युद्ध के दौरान स्विट्जरलैंड ने खाद्य और आर्थिक हितों को सुरक्षित करने के लिए दुनिया के कई प्रमुख स्थानों पर, जिनमें मुंबई भी शामिल था, अपने वाणिज्य दूतावास स्थापित किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2016 और 2018 में स्विट्जरलैंड यात्रा तथा 2017 में स्विस राष्ट्रपति डोरिस लुथार्ड की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्ते नए मुकाम पर पहुंचे।

दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर वार्ता अक्टूबर 2008 में शुरू हुई थी और 16 वर्षों में 21 दौर की बातचीत के बाद आखिरकार मार्च 2024 में इस समझौते पर हस्ताक्षर हुए।

इसके साथ ही स्विट्जरलैंड और अन्य यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) देश आइसलैंड, लिकटेंस्टाइन और नॉर्वे भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करने वाले पहले यूरोपीय साझेदार बन गए।

पिछले नवंबर में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने स्विट्जरलैंड की आर्थिक मामलों की राज्य सचिव हेलेन बुडलीगर आर्टिएडा के साथ बैठक की थी, जिसमें फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।

पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्‍ट क‍िया, “एसईसीओ की राज्य सचिव हेलेन बुडलीगर आर्टिएडा के साथ स्विस फार्मा और बायोटेक कंपनियों के साथ सह-अध्यक्षता में बैठक की। चर्चा अनुसंधान एवं विकास (आर एड डी) में आगे सहयोग और स्विस फार्मा कंपनियों के लिए भारत के मजबूत स्वास्थ्य क्षेत्र का लाभ उठाने हेतु निवेश के अवसर बढ़ाने पर केंद्रित रही।”

उन्होंने आगे कहा, “इसके अलावा भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के तहत हुई प्रगति पर भी चर्चा की गई, जिसका उद्देश्य आपसी विकास के लिए प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है।”
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,629
Messages
13,666
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top