बिहार के नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन, दीपक प्रकाश बोले- उनके कार्यकाल में विकास को मिलेगी नई गति

सैयद अता हसनैन के बिहार का गवर्नर बनने से तेज होगा विकास : दीपक प्रकाश


पटना, 6 मार्च। सैयद अता हसनैन को बिहार का और नंदकिशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन दोनों की नियुक्ति को लेकर बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने बधाई दी है।

बिहार के मंत्री दीपक प्रकाश ने बिहार के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किए गए सैयद अता हसनैन को लेकर कहा कि उनका कार्यकाल बिहार के विकास के संबंध में काफी अहम साबित होगा। उनके कार्यकाल में प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही, उन्होंने नंदकिशोर यादव को भी नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नंदकिशोर की नई भूमिका के लिए प्रधानमंत्री मोदी व अमित शाह का भी आभार जताया है।

वहीं, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को हाईजैक करने वाले बयान पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि वो पहले कुछ और कह रहे थे और अब कुछ और कह रहे हैं। बिहार में इनते सालों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस तरह का विकास कार्य हुआ है, उसे तेजस्वी यादव स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। आज की तारीख में बिहार में चहुंओर विकास की बयार बह रही है और यह सब कुछ नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व की वजह से संभव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि पहले नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश से जुड़े मुद्दों को केंद्र के समक्ष उठाते रहे हैं और अब वे राज्यसभा में पूरे जोरशोर के साथ बिहार से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे। इससे प्रदेश में विकास को एक नई गति मिलेगी। बिहार से संबंधित विकास के कार्य जारी रहेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।

साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर कहा कि निशांत का राजनीति में पदार्पण जरूरी है। आने वाले दिनों में जितने भी युवा राजनीति में आएंगे, समाज के लिए उतना ही अच्छा रहेगा। इससे विकास को एक नई गति मिलेगी जो हम सभी के लिए किसी शुभ संकेत से कम नहीं है। राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ने से बदलाव का एक नया दौर शुरू होगा।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,627
Messages
13,664
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top