केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ओडिशा पहुंचे, सीएम माझी ने किया स्वागत; 3300 करोड़ के प्रोजेक्ट देंगे रफ्तार

ओडिशा दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम मोहन चरण माझी ने किया एयरपोर्ट पर स्वागत


भुवनेश्वर, 6 मार्च। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ओडिशा के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान वे कई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा कि अमित शाह लगभग 3,300 करोड़ रुपए के विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच मजबूत तालमेल से ओडिशा के विकास की गति और तेज होगी।

सूत्रों के अनुसार, अमित शाह पारादीप जाएंगे, जहां वे इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर में वे सहकारिता और डेयरी क्षेत्र से जुड़ी नई योजनाओं की शुरुआत करेंगे।

भुवनेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आईडीसीओ एग्जिबिशन मैदान में विभिन्न पहलों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर ओडिशा की नई प्रदेश सहकारिता नीति भी जारी की जाएगी। इसके अलावा त्रिभुवन कोऑपरेटिव यूनिवर्सिटी के तहत एक नए स्कूल की स्थापना के कार्यक्रम में भी अमित शाह भाग लेंगे। वहीं, बडम्बा शुगर इंडस्ट्रीज के पुनः संचालन के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने और सहकारी उद्योग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री 1,567 साझा सेवा केंद्रों का भी उद्घाटन करेंगे, जो प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और वृहद आकार कृषि बहुउद्देशीय समितियों द्वारा संचालित होंगे। इसके साथ ही 141 पैक्स के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम लोगों को सरकारी और डिजिटल सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी, जिससे सहकारी संस्थाओं को नई ताकत मिलेगी।

अमित शाह के इस दौरे से ओडिशा में विकास, सहकारिता क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही कई बड़े निवेश और नई पहलें राज्य के सामाजिक और आर्थिक सुधार को गति देंगी।

इस दौरे के दौरान कुल 69 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनकी लागत करीब 1,159.03 करोड़ रुपए है। इसके अलावा 2,116.06 करोड़ रुपए की लागत वाली 130 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि ये सभी पहल सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,605
Messages
13,642
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top