रणजी चैंपियन J&K टीम से ICC अध्यक्ष जय शाह की मुलाकात, ऐतिहासिक जीत का जश्न और खिलाड़ियों का आभार

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने रणजी ट्रॉफी विजेता जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की


नई दिल्ली, 5 मार्च। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रचा है। जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम को हराकर अपना पहला खिताब जीता। इस ऐतिहासिक सफलता पर टीम के देश के हर वर्ग से बधाइयां मिल रही हैं। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने भी जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शाह और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "रणजी ट्रॉफी में जम्मू और कश्मीर की ऐतिहासिक जीत इस क्षेत्र में क्रिकेट के लिए गर्व की बात रहेगी। अपनी यादगार जीत के बाद, खिलाड़ियों ने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह से मिलने और उनके साथ यह खास पल साझा करने की दिली इच्छा जताई थी। खिलाड़ियों ने बीसीसीआई सचिव के तौर पर जय शाह द्वारा जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए किए गए कार्यों को भी सराहा।"

बीसीसीआई ने पूरी जम्मू-कश्मीर टीम और क्रिकेट जगत को भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक शानदार अध्याय लिखने के लिए बधाई दी। साथ ही जीतने वाली टीम से मिलने के लिए शाह को धन्यवाद दिया।

जम्मू और कश्मीर ने आठ बार के चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त के आधार पर रणजी ट्रॉफी 2025–26 का खिताब जीतकर हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर इतिहास रच दिया। पहली पारी में 584 रन बनाने के बाद, जम्मू और कश्मीर ने कर्नाटक को 293 रन पर आउट करके 291 रन की अहम बढ़त ले ली।

जम्मू-कश्मीर ने ओपनर कमरान इकबाल के नाबाद 160 रन और साहिल लोतरा के साथ उनकी अटूट शतकीय साझेदारी की मदद से अपनी दूसरी पारी 342/4 पर घोषित करके अपना दबदबा दिखाया। मैच ड्रॉ रहा और पहली पारी की बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर 2 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,089
Messages
13,126
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top