मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दुबई में फंसी लारा दत्ता, बेटी संग सुनाई 'धमाकों से हिलती खिड़कियों' की आपबीती

'घर की खिड़कियां हिल रही हैं', मिडिल ईस्ट तनाव के बीच लारा दत्ता ने सुनाए धमाकों के डरावने अनुभव


मुंबई, 4 मार्च। मिडिल ईस्ट के कई देशों में जारी तनाव का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ऐसे माहौल में कई भारतीय नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि वह इन दिनों दुबई में अपनी बेटी के साथ फंसी हुई हैं। उन्होंने वहां के हालात, अपने अनुभव, और सुरक्षा को लेकर भावनाएं साझा कीं।

लारा दत्ता ने वीडियो में बताया कि वह अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं, जबकि उनके पति महेश भूपति काम के सिलसिले में बाहर हैं। वे उनके साथ नहीं हैं।

उन्होंने कहा, "जब यह सब शुरू हुआ, तब वह शूटिंग कर रही थीं। अचानक उन्हें जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। आसमान में मिसाइलों को रोका जा रहा था और फाइटर जेट्स लगातार उड़ रहे थे। यह सब कुछ बेहद अचानक और डराने वाला था।''

उन्होंने वीडियो में कहा, ''पिछले कुछ दिन से यहां काफी तनाव है। मैं एक सुरक्षित इलाके में हूं, लेकिन तेज धमाकों की वजह से खिड़कियां हिल रही हैं। ये धमाके इतने जोरदार हैं कि दरवाजे तक कांप उठते हैं। इसके बावजूद मुझे एक बार भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं असुरक्षित हूं। डर और असहजता जरूर है, लेकिन सुरक्षा को लेकर भरोसा बना हुआ है।''

लारा ने संयुक्त अरब अमीरात की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रशासन ने हर निवासी का पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने कहा, ''चाहे कोई किसी भी देश का हो, सभी को बराबर सुरक्षा और सम्मान मिल रहा है। सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि नागरिक सुरक्षित रहें। हालात सामान्य बनाए रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।''

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके घर का माली रोज आकर अपना काम कर रहा है, लॉन की देखभाल कर रहा है और पौधों को पानी दे रहा है। डिलीवरी करने वाले लोग भी अपने काम पर जा रहे हैं। इससे साफ है कि तनाव के बावजूद आम जिंदगी पूरी तरह से ठप नहीं हुई है। लोग सतर्क जरूर हैं, लेकिन अपने रोजमर्रा के काम जारी रखे हुए हैं।

लारा दत्ता ने बताया कि वह भारत लौटने के लिए फ्लाइट्स देख रही हैं, लेकिन इस समय ज्यादा उड़ानें उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वे कोई न कोई रास्ता निकाल लेंगी।

वीडियो के आखिर में लारा दत्ता ने कहा, "कोई भी आम नागरिक डर के साए में जीने का हकदार नहीं है। मैं उम्मीद करती हूं कि अंत में समझदारी और बेहतर फैसला ही जीतेगा।"

उनका मानना है कि हालात चाहे कितने भी कठिन क्यों न हों, शांति और इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए। अभिनेत्री का यह संदेश सिर्फ एक अनुभव साझा करना नहीं, बल्कि शांति और सुरक्षा की अपील भी है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top