महाराष्ट्र: राज्यसभा उम्मीदवार बनने पर विनोद तावड़े ने भाजपा नेतृत्व को कहा 'अनंत धन्यवाद', बोले- 'यह राष्ट्रसेवा का मौका'

महाराष्ट्र: राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने पर विनोद तावड़े ने जताया भाजपा नेतृत्व का आभार


मुंबई, 4 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े समेत चार नेताओं को उम्मीदवार घोषित किया है। विनोद तावड़े ने उनको राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।

भाजपा उम्मीदवार तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि अनंत आभार एवं धन्यवाद! पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा राज्यसभा हेतु उम्मीदवार घोषित किये जाने पर शीर्ष नेतृत्व का हार्दिक आभार! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में हम प्रत्येक क्षण राष्ट्र हित के लिए कटिबद्ध हैं। इस नामांकन हेतु महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का सादर धन्यवाद!

उन्होंने कहा कि इस नये दायित्व को पूर्ण समर्पण और निष्ठा से निभाने के लिए संकल्पित और प्रतिबद्ध हूं।

भाजपा कि लिस्ट में विनोद तावड़े और रामदास अठावले के अलावा माया चिंतामण ईवनाते और रामराव कुडकुते के नाम भी शामिल हैं।

इससे पहले भाजपा ने मंगलवार को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नामों की घोषणा की।

18 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 10 राज्यों से रिक्त होने वाली 37 सीटों को भरने के लिए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था।

आयोग के अनुसार, मतदान 16 मार्च को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5:00 बजे होगी। 10 राज्यों से निर्वाचित राज्य परिषद के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है।

आगामी रिक्तियों को देखते हुए, आयोग ने चुनावी प्रक्रिया के लिए एक विस्तृत समय सारणी तैयार की है। चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,877
Messages
12,914
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top