मुंबई, 4 मार्च। बॉलीवुड के अभिनेता अक्षय कुमार ने राधिका मदान को अपना सबसे पसंदीदा सह-कलाकार बताया। उनका कहना है कि अभिनेत्री से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनके साथ काम करने से खुद की परफॉर्मेंस भी बेहतर हो जाती है।
अभिनेता अक्षय कुमार के शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के होली स्पेशल एपिसोड में शिरकत की थी। इस दौरान दोनों ने रंग-बिरंगे त्योहार का मजा लिया और दर्शकों को खूब हंसाया।
शो में अक्षय कुमार ने ऑडियंस से बात करते हुए कहा, "होली का त्योहार अपने पसंदीदा लोगों के साथ मनाते हैं, इसलिए मैं अपने पसंदीदा को-एक्टर के साथ यहां आया हूं।"
उन्होंने राधिका की एक्टिंग की खूब प्रशंसा की और बताया कि उनके साथ काम करने से खुद की परफॉर्मेंस भी बेहतर हो जाती है। अक्षय ने कहा, "मैंने इनके साथ एक फिल्म की है। ये उन को-एक्टर्स में से हैं जो आपको अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस देने के लिए मजबूर कर देते हैं। जब ये एक्टिंग करती हैं, तो मुझे लगता है कि मेरी अपनी परफॉर्मेंस अपने आप बेहतर होने लगती है। ऐसा महसूस होता है जैसे मैं अभी-अभी किसी बड़े एक्टिंग इंस्टीट्यूट से ग्रेजुएट होकर आया हूं और मुझे एक्टिंग की हर बात समझ आ रही है।"
अक्षय ने आगे राधिका से उनके एक्टिंग करियर के बारे में पूछा, तो राधिका ने बताया कि वे पिछले 7-8 साल से अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं, तो अक्षय ने कहा, "मैं किसी की एक्टिंग को लेकर बहुत चूजी हूं, लेकिन राधिका को मैं हमारी इंडस्ट्री की बहुत अच्छी एक्ट्रेस मानता हूं।"
बता दें कि दोनों साल 2024 की फिल्म सरफिरा में साथ नजर आए थे। यह फिल्म एक इंस्पायरिंग कहानी है, जिसमें अक्षय ने मुख्य भूमिका अदा की थी और राधिका उनकी पत्नी के किरदार में नजर आई थीं। फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री काफी सराही गई थी।
यह फिल्म तमिल हिट 'सूरारई पोट्रू' का हिंदी रीमेक थी। यह फिल्म वीर म्हात्रे (अक्षय कुमार) की कहानी है, जो आम लोगों के लिए कम लागत वाली एयरलाइन शुरू करने का सपना देखते हैं।