होली से पहले NCR को बड़ी राहत: AQI येलो जोन में, लोग लेंगे अब खुलकर साफ हवा में सांस

एनसीआर में होली के दिन एक्यूआई येलो जोन में, लोग ले रहे है राहत की सांस


नोएडा, 4 मार्च। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में होली से ठीक पहले वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार एनसीआर के 95 प्रतिशत से अधिक इलाके ‘यलो जोन’ यानी मध्यम श्रेणी में पहुंच गए हैं, जिससे लोगों को साफ और अपेक्षाकृत बेहतर हवा में होली मनाने का अवसर मिलेगा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के अधिकांश मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 150 से 200 के बीच दर्ज किया गया। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 248 दर्ज हुआ, जो अब भी अपेक्षाकृत अधिक है, जबकि बवाना में 213 रहा।

अशोक विहार में 171, चांदनी चौक में 172, बुराड़ी क्रॉसिंग पर 167, अलीपुर में 153 और कैंटोनमेंट एरिया में 143 एक्यूआई दर्ज किया गया। आया नगर में 134 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 143 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। अधिकांश क्षेत्रों में एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा, जिसे यलो जोन माना जाता है।

नोएडा की बात करें तो यहां भी स्थिति में सुधार देखने को मिला है। सेक्टर-1 में 171, सेक्टर-125 में 167, सेक्टर-116 में 163 और सेक्टर-62 में 152 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 159, संजय नगर में 173 और वसुंधरा में 179 एक्यूआई रहा, जबकि लोनी में 224 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो अपेक्षाकृत अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी और दिन में कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक झोंके चल सकते हैं। फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि तेज हवाओं और साफ आसमान के कारण प्रदूषक तत्वों का फैलाव बेहतर हुआ है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार आया है। हालांकि संवेदनशील समूहों को अब भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। होली के मौके पर एनसीआर के लोगों को इस बार अपेक्षाकृत बेहतर हवा में त्योहार मनाने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे पर्यावरण के अनुकूल तरीके से होली मनाएं ताकि वायु गुणवत्ता का यह स्तर आगे भी बना रहे।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
15,103
Messages
15,140
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top