पुराने दौर की यादें होंगी ताजा, अनुपम खेर ने 'सारांश' के सीक्वल को लेकर दी अपडेट

पुराने दौर की यादें होंगी ताजा, अनुपम खेर ने 'सारांश' के सीक्वल को लेकर दी अपडेट


मुंबई, 4 मार्च। अभिनेता अनुपम खेर आज भी अपने शानदार अभिनय से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं। अभिनेता ने संकेत दिया है कि उनकी डेब्यू फिल्म 'सारांश' का सीक्वल यानी 'सारांश 2' जल्द ही बन सकता है और पर्दे पर आ सकता है।

अनुपम ने बुधवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट पोस्ट किया। इसमें उन्होंने हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "हाल ही में मुझे एक आयोजन के दौरान सिनेमा, जिंदगी और फिल्मों के सफर पर बात करने मौका मिला। खास तौर पर मेरी पहली फिल्म 'सारांश' के बारे में चर्चा हुई और इस बात पर भी चर्चा हुई कि शायद मेरी अगली फिल्म 'सारांश-2' हो सकती है।"

अनुपम ने फिल्म सारांश को अपनी पहली फिल्म बताते हुए कहा, "यह फिल्म मेरी जिंदगी में बहुत खास है। इस फिल्म ने मुझे सिनेमा की दुनिया से जोड़ा और एक अच्छे अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। इतने साल बाद उस कहानी की दुनिया में वापस लौटने का ख्याल मुझे बहुत भावुक और उत्साहित करता है। कुछ कहानियां कभी नहीं छोड़तीं, वे बस सही वक्त का इंतजार करती हैं ताकि दोबारा सुनाई जा सकें।"

उन्होंने आगे बताया कि बातचीत में उनकी नई निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' पर भी बात हुई। यह फिल्म अभी अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही है। अनुपम ने कहा, "यह फिल्म दया, साहस, अच्छाई और उम्मीद की खूबसूरत कहानी है। दुनिया भर के लोगों तक पहुंचना और उन्हें पसंद आना मेरे लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है।"

अनुपम ने आखिर में धन्यवाद देते हुए लिखा कि वे हमेशा लोगों की भावनाओं और उम्मीद की कहानियों पर यकीन रखते हैं। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए कहा, "सारांश से तन्वी द ग्रेट तक का यह सफर कमाल का रहा है और कौन जाने, अगला अध्याय शायद बहुत जल्द शुरू हो जाए। जय हो।"
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,052
Messages
13,089
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top