गाजियाबाद के खोड़ा में आग का तांडव! पांच मंजिला इमारत में 150 फंसे, 20 से ज्यादा झुलसे

गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में भीषण आग, 150 लोग फंसे, 20 से ज्यादा झुलसे


गाजियाबाद, 4 मार्च। गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और अंदर रह रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना बीरबल चौकी के पास गोल्डन पैलेस के नजदीक स्थित एक रिहायशी बिल्डिंग की है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों और इलेक्ट्रिकल पैनल के पास लगी। देखते ही देखते धुआं सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। हालात ऐसे हो गए कि लोग सीढ़ियों से नीचे नहीं उतर पा रहे थे। करीब 40 से 45 फ्लैट वाली इस बिल्डिंग में लगभग डेढ़ सौ लोग मौजूद थे, जो धुएं की वजह से अंदर ही फंस गए।

फायर स्टेशन वैशाली को रात 11:47 बजे घटना की सूचना मिली। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि जैसे ही जानकारी मिली, तुरंत सभी फायर स्टेशनों से गाड़ियां रवाना की गईं। कुल मिलाकर करीब 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि सीढ़ियों और इलेक्ट्रिकल पैनल में आग धधक रही थी, जिसकी वजह से पूरी इमारत में घना धुआं फैल गया था।

दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर टेंडरों की सीढ़ियों को ऊपर तक फैलाया गया और उन्हीं की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। कई लोगों को खिड़कियों और बालकनी के रास्ते सुरक्षित बाहर लाया गया। साथ ही, सीढ़ियों में लगी आग को काबू करने का काम भी जारी रखा गया।

करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, 20 से 22 लोग धुएं की चपेट में आकर झुलस गए या उनकी तबीयत बिगड़ गई। इन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बाकी लोगों को भी मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
13,330
Messages
13,367
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top