टी20 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में इंग्लैंड के अरमानों पर पानी फेर सकते हैं ये 5 भारतीय खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में इंग्लैंड के अरमानों पर पानी फेर सकते हैं ये 5 भारतीय खिलाड़ी


नई दिल्ली, 3 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ होगी। इस मुकाबले की मेजबानी मुंबई का वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम करेगा। यह लगातार तीसरा मौका है जब टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे।

भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बनाई है। वहीं, इंग्लैंड सुपर-8 राउंड के सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। आइए आपको उन 5 भारतीय खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो सेमीफाइनल में इंग्लैंड के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं।

संजू सैमसन: वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर संजू सैमसन ने दिखा दिया है कि वह अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। संजू पावरप्ले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के बूते इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। 3 मुकाबलों में संजू अब तक 195 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 143 रन बना चुके हैं।

ईशान किशन: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन भारत के सबसे धाकड़ बल्लेबाज नजर आए हैं। ईशान टूर्नामेंट में अब तक खेले 7 मुकाबलों में 185 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 224 रन बना चुके हैं। ईशान के पास वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का काफी अनुभव भी मौजूद है, जो सेमीफाइनल में भारतीय टीम के काम आ सकता है।

सूर्यकुमार यादव: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने अब तक खेले 7 मुकाबलों में 231 रन बनाए हैं। सेमीफाइनल में सूर्या भारतीय टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने वानखेड़े के मैदान पर काफी मैच खेले हैं, और वह इस ग्राउंड को काफी अच्छे से समझते हैं। भारतीय टीम को अपने कप्तान से इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

जसप्रीत बुमराह: सूर्यकुमार की तरह ही जसप्रीत बुमराह के पास भी वानखेड़े में खेलने का काफी अनुभव मौजूद है। बड़े मैचों में दमदार प्रदर्शन करके दिखाना बुमराह की पुरानी आदत रही है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्होंने अहम मौके पर भारतीय टीम को दो बड़े विकेट दिलाए थे। सेमीफाइनल में भी बुमराह से टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी और वह इंग्लैंड के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।

हार्दिक पांड्या: हार्दिक पांड्या को इंग्लैंड के खिलाफ खेलना खूब रास आता है। हार्दिक ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 20 मैच खेले हैं और उन्होंने 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 414 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में वह 19 विकेट निकाल चुके हैं। सेमीफाइनल में अपने दमदार प्रदर्शन के बूते हार्दिक लगातार दूसरी बार इंग्लैंड का फाइनल खेलने का सपना तोड़ सकते हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,659
Messages
12,696
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top