बंगाल के इस्लामपुर में दर्दनाक हादसा: प्रेम विवाद में तालाब में गिरी कार, 3 की मौत, 4 घायल

बंगाल के इस्लामपुर में तालाब में गिरी कार, तीन युवकों की मौत; चार घायल


कोलकाता, 3 मार्च। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में कार के तालाब में गिर जाने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मृतकों की पहचान सूरजित दास, बोनी दास और मुकुंद दास (उम्र करीब 18 से 20 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों में अतनु शील की पहचान हुई है, जो नदिया जिले का निवासी है। चारों घायलों को इस्लामपुर सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, ये सातों युवक इस्लामपुर थाना क्षेत्र में सुभाष कर्मकार नामक व्यक्ति के मोटर गैराज में काम करते थे। बताया जा रहा है कि नदिया निवासी अतनु शील और मुकुंद दास एक ही युवती से प्रेम करते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार रात अतनु इस्लामपुर के एक होटल में ठहरा हुआ था।

इसके बाद मुकुंद, अतनु और पांच अन्य युवक गैराज मालिक के बेटे की कार से घूमने निकले। वे बिहार सीमा से सटे फटीपुकुर इलाके की ओर गए। इसी दौरान कार के अंदर अतनु और मुकुंद के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि अतनु की कार के भीतर पिटाई की गई, जिससे भारी हंगामा और हाथापाई हुई। इस अफरातफरी में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार तालाब में जा गिरी।

तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में गिरी कार से सातों युवकों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक तीन युवकों की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर बिहार के पुतिया थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर थाने और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,659
Messages
12,696
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top