मैदान पर अंपायर तो पर्दे पर एक्टर, अनिल चौधरी बोले- अभिनय और अंपायरिंग दोनों का है अपना अलग मजा

अंपायरिंग और एक्टिंग शानदार, दोनों का अपना मजा: अनिल चौधरी


मुंबई, 3 मार्च। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर अनिल चौधरी ने अब अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने हरियाणवी गैंगस्टर एंथम ‘गोली तो चलेगी’ से अपना ऑन-स्क्रीन डेब्यू किया है। उन्होंने बताया कि एक्टिंग हो या अंपायरिंग, दोनों का अपना अलग मजा है।

‘गोली तो चलेगी’ म्यूजिक वीडियो का निर्देशन फैशन डिजाइनर से फिल्ममेकर बने सुमन गुहा ने किया है, जबकि इसे नरेश झा ने एपिक फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। रिलीज होते ही गीत अपनी बोल्ड थीम, स्टाइलिश लुक और हाई-ऑक्टेन एक्शन के कारण चर्चा में आ गया है। गीत को डायमंड की आवाज में सजाया गया है और इसे सिनेमैटिक स्टाइल में शूट किया गया है, जो इसे एक छोटी एक्शन फिल्म जैसा मजेदार रूप देता है। गाने में अनिल चौधरी के साथ रोहित खरब, चांदनी राउत और हेमेश दीक्षित भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

अनिल चौधरी का आत्मविश्वास और स्वाभाविक अभिनय उनके क्रिकेट अंपायरिंग के अनुभव को दिखाता है। अनिल चौधरी ने अपने डेब्यू अनुभव पर बात करते हुए कहा, “मुझे कैमरे से कोई डर नहीं लगा क्योंकि मैं हरियाणवी में कमेंट्री करता रहता हूं। सुमन गुहा ने मुझसे बहुत अच्छा काम करवाया। उन्होंने मुझे यह मौका दिया, इसके लिए प्रोड्यूसर नरेश झा का शुक्रिया। शूटिंग में बहुत मजा आया। मुझे काम करके बहुत अच्छा लगा। अंपायरिंग और एक्टिंग दोनों अलग-अलग मजे हैं और दोनों ही क्षेत्र का अनुभव मेरे लिए शानदार रहा।”

हाल ही में आयोजित गीत के लॉन्च इवेंट में फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियां पहुंचीं। इनमें अभिनेता गुरमीत चौधरी, रजनीश दुग्गल, राजीव सेन, मिशिका चौरसिया, विपिन भारद्वाज, सिद्धि आहूजा, प्रियंका समेत अन्य सितारे शामिल हुए। सभी ने अनिल चौधरी को उनके अभिनय डेब्यू के लिए बधाई दी और नए सफर की सराहना की।

रजनीश दुग्गल ने कहा कि उन्होंने सुमन गुहा के साथ पहले भी तीन वीडियो में काम किया है, और हर बार सुमन कुछ नया और अलग लेकर आते हैं। गुरमीत चौधरी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा, “‘गोली तो चलेगी’ का वीडियो और गाना दोनों शानदार हैं। अनिल चौधरी को अभिनय डेब्यू के लिए शुभकामनाएं और नरेश झा को इस प्रोजेक्ट के लिए दिल से बधाई। यह गाना दर्शकों को जरूर पसंद आएगा।”

निर्देशक सुमन गुहा ने सभी मेहमानों का आभार जताते हुए बताया कि उनके दो और गाने जल्द रिलीज होंगे, जिनके नए और अनोखे कॉन्सेप्ट होंगे। प्रोड्यूसर नरेश झा ने घोषणा की कि एपिक फिल्म्स हर महीने एक नया गीत रिलीज करने की योजना बना रही है, ताकि दर्शकों को लगातार ताजा कंटेंट मिलता रहे।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,783
Messages
12,820
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top