T20 WC सेमीफाइनल में इंग्लैंड मांगेगा हिसाब, भारत के लिए 'सिरदर्द' बनेंगे ये 5 खतरनाक खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में भारत के लिए 'सिरदर्द' बन सकते हैं ये 5 इंग्लिश खिलाड़ी


नई दिल्ली, 2 मार्च। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ होगी। ग्रुप स्टेज में लड़खड़ाने के बाद इंग्लैंड ने सुपर-8 राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बनाई है। हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड भारत से टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।

जोस बटलर भले ही इस टूर्नामेंट में रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हों, लेकिन इंग्लिश टीम के कुछ खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में लौट चुके हैं। आइए, आपको उन 5 खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम के लिए बड़ा 'सिरदर्द' बन सकते हैं।

विल जैक्स: इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक कमाल का गुजरा है। जैक्स की घूमती गेंदें बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई हैं, तो वह बल्ले से भी लगातार योगदान दे रहे हैं। वह 7 मैचों में 176 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 191 रन बना चुके हैं। वहीं, गेंदबाजी में जैक्स ने 7 विकेट निकाले हैं।

हैरी ब्रूक: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल में बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं। सुपर-8 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ब्रूक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी। इंग्लिश कप्तान 7 मैचों में 161 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 228 रन बना चुके हैं। ब्रूक अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं।

फिल साल्ट: फिल साल्ट पावरप्ले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। साल्ट ने अब तक टूर्नामेंट में भले ही 7 मुकाबलों में 125 रन ही बनाए हों, लेकिन अगर वह इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत देने में सफल रहे तो भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

आदिल रशीद: आदिल रशीद को भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करना खूब रास आता है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में रशीद ने टीम इंडिया के खिलाफ सिर्फ 7.50 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। भारत-इंग्लैंड टी20 मुकाबलों में रशीद सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज भी हैं। वह 18 मैचों में 14 भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुके हैं। इस विश्व कप में वैसे ही भारतीय बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए हैं।

जोफ्रा आर्चर: सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों को जोफ्रा आर्चर से भी सतर्क रहना होगा। आर्चर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले 7 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि आर्चर आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं और उनके पास वानखेड़े स्टेडियम में खेलने का अच्छा खासा अनुभव है। यही वजह है कि आर्चर सेमीफाइनल में टीम इंडिया के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,301
Messages
12,338
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top