अनूप जलोटा का अबू धाबी कॉन्सर्ट फंसा मझधार में! ईरान-इजरायल तनाव से छाए संकट के बादल

ईरान-इजराइल तनाव के बीच अनूप जलोटा के कॉन्सर्ट पर मंडराया संकट, कहा- 'अबू धाबी के शो को लेकर अनिश्चितता'


मुंबई, 2 मार्च। ईरान और इजराइल में बढ़ते तनाव के बीच लगातार हो रही बमबारी और मिसाइल हमले के कारण कई देशों में कार्यक्रमों और आयोजनों को लेकर अनिश्चितता का माहौल है। इसी बीच भजन गायक और 'बिग बॉस' के पूर्व कंटेस्टेंट अनूप जलोटा ने आईएएनएस संग बातचीत में इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने न सिर्फ मौजूदा हालात पर चिंता जताई, बल्कि यह भी बताया कि इस तनाव का असर उनके अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों पर पड़ सकता है।

आईएएनएस से बात करते हुए अनूप जलोटा ने कहा कि हाल ही में उनका एक शो दोहा में हुआ था और सब कुछ ठीक से संपन्न हुआ, लेकिन आने वाले समय को लेकर वे पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ''अप्रैल महीने में मेरा एक कॉन्सर्ट अबू धाबी में होने वाला है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह साफ नहीं है कि कार्यक्रम तय समय पर हो पाएगा या नहीं। जब किसी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन जाते हैं, तो सबसे पहले बड़े आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर असर पड़ता है। सुरक्षा कारणों से सरकारें और आयोजक कई बार कार्यक्रम रद्द या स्थगित कर देते हैं। ऐसे में कलाकारों के लिए भी स्थिति अनिश्चित हो जाती है।''

उन्होंने आगे कहा, ''मैं शांति की कामना करता हूं और चाहता हूं कि हालात जल्द सामान्य हो जाएं। युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता और इससे सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ता है। भारत के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर पा रहे हैं, क्योंकि देश में मजबूत नेतृत्व है।''

अनूप जलोटा ने कहा, ''हर देश को मोदीजी जैसा नेता मिलना चाहिए। मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से ही भारत के लोग अपने घरों में सुरक्षित और शांतिपूर्वक रह पा रहे हैं।''

गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। बमबारी, ड्रोन हमले और मिसाइल हमलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हालिया हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत की खबर ने हालात को और गंभीर बना दिया है। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कतर, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, सऊदी अरब और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
12,247
Messages
12,284
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top