टी20 वर्ल्ड कप में हेटमायर का तूफान! 19 छक्के जड़कर तोड़ा रिकॉर्ड, बने एक संस्करण के सिक्सर किंग

टी20 वर्ल्ड कप में हेटमायर ने इतिहास रचा, एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के वाले बल्लेबाज बने


कोलकाता, 1 मार्च। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने भारत के खिलाफ रविवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 12 गेंदों का सामना करते हुए 27 रन बनाए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 1 चौका शामिल रहा।

इसी के साथ हेटमायर किसी एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 19 छक्के लगाए हैं। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पछाड़ दिया है, जिन्होंने इसी विश्व कप में 18 छक्के जड़े।

इस लिस्ट में निकोलस पूरण तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2024 में 17 छक्के अपने नाम किए, जबकि क्रिस गेल (साल 2012) और रहमानुल्लाह गुरबाज (साल 2024) 16-16 छक्कों के साथ लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।

रविवार को जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवरों में 68 रन जोड़े।

होप 33 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद चेज ने शिमरोन हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की। हेटमायर 12 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

यह टीम 119 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी, जहां से जेसन होल्डर ने रोवमैन पॉवेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

पॉवेल 19 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होल्डर ने 22 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 37 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले। हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।

टीम इंडिया ने इस निर्णायक मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में उतरे हैं।

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने ब्रैंडन किंग की जगह अकील हुसैन को मौका दिया है। टीम की कमान शाई होप के हाथों में है। उनके अलावा, रोस्टन चेस, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती और शमर जोसेफ इस मैच में खेल रहे हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,932
Messages
11,969
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top