झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम के जंगलों में IED विस्फोट से सहायक कमांडेंट घायल, नक्सलियों से सुरक्षाबलों की भीषण मुठभेड़ जारी

झारखंड: आईईडी विस्फोट में सहायक कमांडेंट घायल, नक्सलियों की सुरक्षा बलों से मुठभेड़


पश्चिमी सिंहभूम, 1 मार्च। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन के समय नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में 209 कोबरा बटालियन के एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुरक्षाबल सुबह घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। विस्फोट में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट घायल हो गए। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। विस्फोट के तुरंत बाद नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और पूरे इलाके को घेर लिया। दोनों ओर से लगातार हो रही गोलीबारी की आवाज आसपास के ग्रामीण इलाकों तक सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त बल को मौके पर रवाना कर दिया है और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने एक बड़े नक्सली दस्ते को घेर लिया है और मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल या हताहत होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार सुरक्षा बलों को सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर 209 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन के लिए जंगल में निकली थी। टीम दुर्गम और घने इलाके से गुजर रही थी, तभी जमीन के नीचे प्लांट किया गया प्रेशर आईईडी अचानक फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस मुख्यालय को तत्काल सूचना दी गई। घायल सहायक कमांडेंट अजय मलिक को तत्काल घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

एक दिन पहले ही एसपी ने मनोहरपुर क्षेत्र में नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की थी। फिलहाल पूरे सारंडा इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और अभियान तेज कर दिया गया है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top