हरियाणा पुलिस की कल्याण गोष्ठी में डीजी सिंघल का ऐलान: पुलिसकर्मियों का वेलफेयर सर्वोच्च प्राथमिकता, ठोस योजनाएं होंगी लागू

हरियाणा पुलिस में बी-लेवल कल्याण गोष्ठी आयोजित, डीजी अजय सिंघल ने पुलिसकर्मियों के वेलफेयर को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया


पंचकूला, 28 फरवरी। हरियाणा पुलिस के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में पंचकूला के ईआरएसएस ऑडिटोरियम में पहली बी-लेवल कल्याण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा हुई और आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन किया गया।

डीजी अजय सिंघल ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों का वेलफेयर हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ यह कार्य जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय में केवल योजनाएं बनाना ही नहीं, बल्कि उनका ठोस क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इसके तहत सभी पुलिस लाइनों और परिवारों से संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि उनकी जरूरतों और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

गोष्ठी में बी-लेवल कल्याण कार्यों की समीक्षा की गई और पिछले एक महीने में शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों, इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद और पीएसआई रवि, को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। पुलिस अधीक्षक और कल्याण शाखा के मोहित हांडा ने पिछली बी-लेवल बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

डीजी अजय सिंघल ने घोषणा की कि हरियाणा पुलिस जल्द ही ‘शगुन योजना’ लागू करने जा रही है। इस योजना के तहत पुलिसकर्मियों की बेटियों की शादी के लिए हरियाणा पुलिस कल्याण कोष से 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक किया जाने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि भत्तों, ट्रांसफर नीति और पदोन्नति में आवश्यक सुधार किए गए हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को सुविधा और सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

शिक्षा के क्षेत्र में पुलिस परिवारों के बच्चों के लिए 22 डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा के साथ रियायतें दी जा रही हैं। दिवंगत कर्मियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है और रोजाना लगभग 1200 विद्यार्थी इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। इसके अलावा, पुलिस लाइनों में ई-लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास जैसी तकनीकी सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी कार्य चल रहा है।

स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पुलिसकर्मियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और प्रत्येक जिले में जिम की व्यवस्था की गई है। वर्ष 2025 में 17,985 पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई और मानसिक स्वास्थ्य के लिए मनोरोग विशेषज्ञों के साथ बैठकें की गईं। दुर्घटना मृत्यु बीमा राशि को बढ़ाकर एक करोड़ और प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में सहायता राशि को 10 लाख रुपये किया गया। इसके अतिरिक्त, 381 शहीदों के आश्रितों को नौकरी दी गई और उनके परिवारों को दी जाने वाली राशि तीन गुना बढ़ाई गई।

आवास और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में शगुन योजना, हॉस्टल गिफ्ट योजना और पुलिस लाइनों में बैंक्वेट और कम्युनिटी हॉल निर्माण या मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की गई है। डीजी अजय सिंघल ने सभी अधिकारियों और कर्मियों से अपील की कि वे अनुशासन, मेहनत और सेवा भाव के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि हरियाणा पुलिस राज्य और सरकार का नाम ऊंचा बनाए।

इस गोष्ठी में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के प्रमुख नवदीप सिंह विर्क, एडीजी कला रामचंद्रन, एडीजीपी सी एस राव, अमिताभ ढिल्लों, संजय कुमार, के के राव, हरदीप सिंह दून, पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह सहित कई कमिश्नरेट, रेंज और जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,632
Messages
11,669
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top