नई दिल्ली, 28 फरवरी। दिल्ली के गोकलपुरी पुलिस स्टेशन की टीम ने स्नैचिंग के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों में एक किशोर (सीसीएल) भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 26 फरवरी को वजीराबाद रोड स्थित लोनी गोल चक्कर के पास एक महिला पैदल जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में ई-एफआईआर संख्या 80017315/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस पूरे मामले की जांच के दौरान निरीक्षक उमेद सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार प्रयास करते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद शकील (22) के रूप में हुई। वहीं, एक किशोर (सीसीएल), उम्र 17 वर्ष।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर डीएल-5Sसीके-5294 और छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद शकील पूर्व में लूट/अपहरण से संबंधित एक मामले में भी संलिप्त रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य आपराधिक वारदातों में तो शामिल नहीं रहे हैं।