फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 63वें संस्करण में चमकेंगे जॉनसन और भानवाला, साइकिलिंग से जगाएंगे फिटनेस की अलख

'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल': 63वें संस्करण का आकर्षण होंगे जॉनसन और भानवाला


नई दिल्ली, 28 फरवरी। फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देशभर में आयोजित होने वाले ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के 63वें संस्करण का आयोजन बेहद खास होगा। 1 मार्च को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ओलंपियन जिनसन जॉनसन और युवा निशानेबाज अनीश भानवाला होंगे।

2016 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके जिनसन जॉनसन विशाखापत्तनम के खूबसूरत आरके बीच पर साइकिलिंग इवेंट में हिस्सा लेंगे। जॉनसन ने 2018 एशियाई खेलों में 1500 मीटर में स्वर्ण और 800 मीटर में रजत पदक जीता था। वहीं 2022 एशियाई खेलों में भी उन्होंने 1500 मीटर में रजत पदक जीता था।

दूसरी ओर, 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता अनीश भानवाला नई दिल्ली में आयोजित साइकिलिंग कार्यक्रम में भाग लेंगे। भानवाला 2022 काहिरा आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में मिक्स्ड टीम इवेंट के रजत पदक विजेता रह चुके हैं और एशियाई खेलों में भी टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुके हैं।

यह आयोजन प्रतिष्ठित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में होगा, जिसे गृह मंत्रालय के फायर और इमरजेंसी विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में युवा फेंसर तनिक्षा खत्री, फिट इंडिया एंबेसडर नैन्सी और जानी-मानी जुम्बा इंस्ट्रक्टर आकांक्षा टैगोत्रा भी शामिल होंगी।

दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की शुरुआत की थी। यह पहल अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें देशभर में 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर 2.5 करोड़ से ज्यादा लोग भाग ले चुके हैं।

यह अभियान 29 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा है। इसका उद्देश्य लोगों की जिंदगी में फिटनेस की अहमियत को बढ़ावा देना है।

हर सप्ताह आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवा मामले और खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और विभिन्न खेल संगठनों के सहयोग से देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। साइकिलिंग के साथ योग, रस्सीकूद, मार्शल आर्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इसे एक संपूर्ण फिटनेस उत्सव में बदल देती हैं। यह कार्यक्रम मोटापे और प्रदूषण के विरुद्ध भी एक आंदोलन की तरह है।
 

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,578
Messages
11,615
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top