झारखंड निकाय चुनाव में जनता ने दिया मिला-जुला फैसला, रांची में खिला कमल, निर्दलीय भी चमके

झारखंड के 48 नगर निकायों के चुनाव में मिला-जुला जनादेश, रांची में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को बढ़त (Photo: IANS)


रांची, 27 फरवरी। झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में इस बार मिला-जुला जनादेश सामने आ रहा है। कई निकायों में अध्यक्ष-मेयर पद पर भाजपा, कांग्रेस और झामुमो समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं, अनेक निकायों में स्वतंत्र प्रत्याशियों ने बाजी मारकर प्रमुख दलों को कड़ी टक्कर दी है।

आठ वर्षों के अंतराल के बाद हुए इन शहरी निकाय चुनावों के नतीजे राज्य की स्थानीय राजनीति की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।

राज्य के 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए 23 फरवरी को मतदान हुआ था। शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के बाद 27 शहरी निकायों में मेयर-अध्यक्ष के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

राजधानी रांची नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने करीब 30 हजार मतों की बढ़त बना ली है, जबकि कांग्रेस समर्थित रमा खलखो दूसरे स्थान पर हैं।

हजारीबाग नगर निगम में स्वतंत्र प्रत्याशी अरविंद कुमार राणा ने 23,500 मत हासिल कर मेयर पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरफराज अहमद को 4,657 मतों से पराजित किया। चास नगर निगम में जमील अख्तर मेयर निर्वाचित हुए हैं।

जामताड़ा नगर पंचायत में निर्दलीय आशा गुप्ता ने 6,880 मत प्राप्त कर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को हराया। चाकुलिया नगर पंचायत में झामुमो समर्थित सोमवारी सोरेन ने 727 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। छतरपुर नगर पंचायत में अरविंद गुप्ता, खूंटी में भाजपा समर्थित रानी टूटी, बरहरवा में अर्पिता दास और बुंडू में जितेंद्र उरांव विजयी रहे।

राजमहल से भावना गुप्ता, धनवार से विनय कुमार संथालिया, डोमचांच से उमेश वर्मा और लातेहार से महेश सिंह ने जीत दर्ज की। साहेबगंज नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर रामनाथ पासवान, पाकुड़ में शबरी पाल और गोड्डा नगर परिषद में सुशील रमानी विजयी रहे। लोहरदगा नगर परिषद में भाजपा समर्थित अनिल उरांव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि गुमला नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित शकुंतला उरांव विजयी रहीं।

इसके अलावा, कोडरमा नगर पंचायत से साजिद हुसैन लल्लू, हुसैनाबाद से अजय भारती, हरिहरगंज से कुमारी शीला चौधरी, महागामा से प्रबोध सोरेन, गढ़वा नगर परिषद से आशीष कुमार सोनी, चाईबासा से नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर से सन्नी उरांव, मिहिजाम से जयश्री देवी, चिरकुंडा से सुनीता देवी और दुमका से अभिषेक चौरसिया अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

रामगढ़ नगर परिषद में सातवें राउंड तक कांग्रेस समर्थित कुसुमलता कुमारी बढ़त पर चल रही थीं। सभी निकायों में मतगणना के अंतिम परिणाम शनिवार तक सामने आ सकते हैं।

राज्य में निकाय चुनाव गैर-दलगत आधार पर कराए गए हैं, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों ने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय प्रचार किया था। ऐसे में अध्यक्ष और मेयर पदों के नतीजों को राजनीतिक दल अपने प्रभाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top