टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम से शनिवार को जुड़ेंगे रिंकू सिंह, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी जानकारी

टी20 वर्ल्ड कप: शनिवार को भारतीय टीम से जुड़ेंगे रिंकू सिंह, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी जानकारी


नई दिल्ली, 27 फरवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि रिंकू सिंह शनिवार को टीम इंडिया से जुड़ेंगे। शुक्रवार की सुबह रिंकू के पिता खान चंद सिंह का निधन हो गया। रिंकू के पिता लंबे समय से लिवर कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। भारतीय टीम को सुपर-8 राउंड के अहम मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज से भिड़ना है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आईएएनएस को बताया कि रिंकू सिंह कोलकाता में शनिवार को टीम से जुड़ेंगे। रिंकू के पिता की हालत काफी बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार तड़के निधन होने से पहले उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिता के अंतिम संस्कार के लिए रिंकू चेन्नई से सुबह 5 बजे रवाना हुए थे।

इससे पहले, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के चीफ प्रेम मनोहर गुप्ता ने भी क्रिकेटर के पिता के निधन पर दुख जताया। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। परिवार में खुशियां अभी-अभी आई थीं और रिंकू की शादी हाल ही में तय हुई थी। ऐसे समय में यह नुकसान और भी दुख देता है। पूरा यूपीसीए रिंकू और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।"

बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए अपनी गहरी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने लिखा, "रिंकू सिंह के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। इस मुश्किल समय में रिंकू और उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। भगवान शिव उन्हें मजबूत रहने की ताकत दें।"

रिंकू का प्रदर्शन अब तक टी20 विश्व कप में कुछ खास नहीं रहा है। पांच पारियों में वह 24 रन ही बना सके हैं। रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहे थे। रिंकू की जगह पर संजू सैमसन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।

भारतीय टीम को रविवार को 'करो या मरो' मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ना है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सूर्या की सेना को हर हाल में कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। सुपर-8 राउंड के पहले मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम ने जोरदार वापसी करते हुए 72 रनों से जीत दर्ज की।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,317
Messages
11,354
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top