मुंबई, 27 फरवरी। बड़े होने के बाद अक्सर हम बचपन की उन छोटी-छोटी खुशियों को याद करते हैं, जिनमें हमारे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है, जैसे पुरानी गलियों में घूमना, दोस्तों के साथ खेलना या झूले पर झूलना। अभिनेत्री दिव्या दत्ता इन्हीं यादों को फिर से जीती नजर आई हैं।
दरअसल, अभिनेत्री दिव्या दत्ता बाली की सैर पर गई हैं। वहां पर उन्होंने बाली का मशहूर 'जंगल स्विंग' पर झूला झूला। यह झूला जंगल के बीच ऊंचे पेड़ों से लटका होता है, जिसमें बैठकर लोग हवा में झूलते हैं और नीचे हरा-भरा नजारा देखते हैं। दिव्या ने इस मजेदार पल का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया।
दिव्या ने झूला झूलने को बचपन की यादों से जोड़ते हुए लिखा, "मुझे बचपन से ही पेड़ों पर झूला झूलना बहुत पसंद था। चाहे पीपल का पेड़ हो, बरगद का या फिर नीम का, हर पेड़ पर झूला झूलने का मजा ही अलग होता था। झूलते वक्त पत्तों और टहनियों को छूना, ऊपर जाने की कोशिश करना, यह सब बहुत खूबसूरत एहसास देता था। बाली के इस जंगल स्विंग पर झूलकर मुझे वही पुरानी यादें फिर से जीने को मिली। उसी प्यारी याद को फिर से जीना सच में बहुत अच्छा एहसास था।"
दिव्या अक्सर अपनी पोस्ट के जरिए अपने साथ हुए अनुभव, यात्राओं और जिंदगी से जुड़े यादगार पलों को शेयर करती रहती हैं। वे न सिर्फ एक शानदार अभिनेत्री हैं, बल्कि एक ट्रैवल लवर भी हैं। उनकी इस बाली यात्रा ने दिल के किसी कोने में छिपे बच्चे को बाहर लाने का मौका दिया।
बाली का यह प्रसिद्ध 'जंगल स्विंग' उबुद (बाली का केंद्र) के पास स्थित है, जो घने जंगलों, धान के खेतों और वादियों के ऊपर 78 मीटर की ऊंचाई तक को महसूस करने का मौका देता है।