इस्तांबुल, 27 फरवरी। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान कर दिया है। अफगानिस्तान के हमले के बाद पाकिस्तान ने शुक्रवार सुबह अफगानिस्तान में मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक किए। दोनों देशों की तरफ से हमले में हुए नुकसान को लेकर दावे किए जा रहे हैं। पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों को निशाना बनाया है।
पाकिस्तानी मीडिया डॉन ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद अफगान तालिबान बहुत ज्यादा घबराया हुआ है। सुबह 11:55 बजे जारी एक अपडेट में कहा गया कि अफगान तालिबान के लड़ाके एक गाड़ी छोड़कर भाग गए, जो पाकिस्तानी सेना के जवानों के कब्जे में है।
बयान में आगे कहा गया, “पाकिस्तानी सुरक्षा बल सीमा की सुरक्षा करने और किसी भी हमले का तुरंत और मजबूत जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, अफगान बॉर्डर टर्मिनल पोस्ट और वारसाक सेक्टर में अफगान पोस्ट को भारी नुकसान हुआ है। दोनों देशों की तरफ से हमले में हुए नुकसान को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि देश हमेशा शांति चाहता है, लेकिन उनकी सेना किसी भी हमले का डटकर सामना करेगी। पीएम के इस बयान के बाद पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन 'गजाब लिल-हक' शुरू किया है।
पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी आज शाम 4 बजे पाक-अफगान हालात पर एक जरूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हुए। वहीं तालिबान सरकार का कहना है कि आठ तालिबान लड़ाके मारे गए और 11 घायल हुए। तालिबान सरकार ने यह भी दावा किया है कि उसने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया, दो मिलिट्री बेस और 19 मिलिट्री पोस्ट पर कब्जा कर लिया। वहीं पाकिस्तान का कहना है कि चल रही झड़पों में उसके दो सैनिक मारे गए।
खुली जंग के ऐलान के साथ पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में रात भर एयरस्ट्राइक की, काबुल और कंधार समेत कई खास शहरों पर भारी बमबारी की। काबुल और कंधार में कई धमाके सुने गए और स्थानीय लोगों ने बताया कि जेट ऊपर से उड़ रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने इन हमलों में अपनी एयर फोर्स का इस्तेमाल किया। बता दें, अफगानिस्तान के पास अपनी एयर फोर्स नहीं है।