टी20 विश्व कप: '250 का स्कोर फिर पार करने की कोशिश करेंगे', विस्फोटक पारी के बाद तिलक वर्मा का बयान

टी20 विश्व कप: '250 का स्कोर फिर पार करने की कोशिश करेंगे', विस्फोटक पारी के बाद तिलक वर्मा का बयान


चेन्नई, 27 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा टी20 विश्व कप 2026 में अपनी धीमी बल्लेबाजी की वजह से आलोचना का सामना कर रहे थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार को हुए मैच में तिलक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से आलोचकों को शांत कर दिया है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ तिलक को बल्लेबाजी के लिए तीसरे नंबर की जगह छठे नंबर पर भेजा गया था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मात्र 16 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 44 रन की पारी खेली। तिलक की इस पारी ने न सिर्फ भारत का स्कोर 256 तक पहुंचाया, बल्कि अपना आत्मविश्वास और टीम इंडिया मैनेजमेंट का भरोसा भी हासिल कर लिया।

मैच के बाद तिलक ने कहा, "जब ओपनर अच्छी शुरुआत देते हैं, तो वही कॉन्फिडेंस नंबर 3, 4 और 5 को भी मिलता है। संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत की, और सभी ने फिर वैसी ही बल्लेबाजी की। हम पावरप्ले में तीन या चार विकेट गंवाने के बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखना चाहते थे। हम विरोधी गेंदबाजों में यह डर पैदा करना चाहते थे कि हम हर गेंद पर हिट के लिए तैयार हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने गेम से ठीक पहले चर्चा की थी कि हम अच्छी सोच के साथ उतरेंगे। हमने अपना पिछले साल का टी20 क्रिकेट खेलने का अंदाज देखा है। हमने पुराने वीडियो देखे जिससे हमें आत्मविश्वास मिला। हमने एक टीम के तौर पर अपनी पूरी ताकत झोंकने का निर्णय लिया था।"

अपने बल्लेबाजी क्रम और बदले हुए अंदाज पर तिलक ने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि टीम को जो भी चाहिए, मैं उसके लिए तैयार हूं। मैंने मुंबई इंडियंस के लिए भी यही रोल किया है। मैंने भारतीय टीम के लिए भी कुछ मैचों में ऐसा किया है। विकेट गिरने के अगली गेंद पर ही छक्के और चौके मारने का मेरा प्रयास रहा है।"

तिलक ने कहा, "हमने वही क्रिकेट खेला जो पिछले साल से खेलते रहे हैं। वही इरादा हम अगले गेम में भी रखना चाहते हैं। हम आगे के मैचों में भी 250 के स्कोर से आगे जाना चाहते हैं।"
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
11,000
Messages
11,037
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top