टी20 वर्ल्ड कप: कप्तान मार्करम ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय, क्विंटन डी कॉक की पारी को सराहा

टी20 वर्ल्ड कप: कप्तान मार्करम ने गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय, डी कॉक की पारी को सराहा


अहमदाबाद, 26 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया। गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में मिली धमाकेदार जीत का श्रेय कप्तान एडेन मार्करम ने गेंदबाजों को दिया। मार्करम ने कहा कि गेंदबाजों ने सही एरिया में गेंदबाजी की, जिसका फायदा टीम को मिला।

जीत के बाद कप्तान मार्करम ने कहा, "हां, मुझे लगा कि हमने सच में काफी अच्छी गेंदबाजी की। हम मैच में लगातार अच्छी लेंथ और एनर्जी के साथ गेंदबाजी करना चाहते थे। आप जब मुकाबले में विकेट लेते रहते हैं, तो आप गेम में बने रहते हैं। पावरप्ले में गेंदबाजों के प्रदर्शन से मैं काफी प्रभावित हूं।

मार्करम ने कहा कि गर्मी में गेंदबाजी करने आसान नहीं होता है। उन्होंने कहा, "टॉस जीतना हमारे लिए काफी फायदेमंद रहा। हालांकि, हमारे गेंदबाजों ने अच्छे एरिया में गेंदबाजी की। दिन की गर्मी में इस एनर्जी के साथ गेंदबाजी करना उतना आसान नहीं रहता है जितना लोग सोचते हैं। गेंदबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया उसके लिए मैं उन्हें सलाम करना चाहता हूं।"

मार्करम ने डी कॉक की ताबड़तोड़ पारी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह टीम के लिए अच्छी बात है कि टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। डी कॉक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 47 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने मार्करम के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े।

साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज से मिले 177 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 16.1 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। मार्करम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 82 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे।

इससे पहले वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 176 रन लगाए। रोमारियो शेफर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रन जड़े। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। कॉर्बिन बॉश ने 31 रन देकर 2 निकाले, जबकि कगिसो रबाडा ने महज 22 रन खर्च करते हुए दो विकेट झटके।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,901
Messages
10,938
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top