रणजी ट्रॉफी में चमके जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी, कार्तिक हुए मुरीद: 'यह खिलाड़ी चैंपियन है, युवा सीखें'

रणजी ट्रॉफी फाइनल: 'वह एक चैंपियन खिलाड़ी हैं', दिनेश कार्तिक ने आकिब नबी डार को सराहा


हुबली, 26 फरवरी। टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार की जमकर तारीफ की है। कार्तिक ने नबी को एक चैंपियन खिलाड़ी बताया है।

आकिब ने गुरुवार को हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट निकाले।

कार्तिक को आकिब का दृढ़ संकल्प काफी पसंद आया। आकिब ने अब तक टूर्नामेंट के सभी मुकाबले खेले हैं और अलग-अलग परिस्थितियां होने के बावजूद उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अब तक 58 विकेट निकाले हैं।

कार्तिक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "इस रणजी ट्रॉफी सत्र को देखकर और इसे करीब से फॉलो करते हुए मैं एक बात पक्के तौर पर कह सकता हूं कि इस खेल को खेलने वाले और देश का प्रतिनिधित्व करने की चाहत रखने वाले सभी युवा लड़कों और लड़कियों को आकिब से सीखना चाहिए। मुझे याद नहीं है कि लंबे समय से किसी गेंदबाज ने आकिब की तरह प्रदर्शन करके दिखाया है।"

कार्तिक का मानना है कि घरेलू टूर्नामेंट में आकिब का फोकस और कड़ी मेहनत उन्हें नेशनल टीम तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि आकिब एक चैंपियन हैं और भविष्य के लिए उन्हें मेरी तरह से ढेरों शुभकामनाएं। पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा, "शुरुआत से लेकर अंत तक दबदबा बनाए रखना और अकेले दम पर घरेलू टूर्नामेंट जिताना ही राष्ट्रीय टीम में पहुंचने के लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है।"

कार्तिक ने कहा कि आकिब ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह की फिटनेस और प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है, वह शानदार है। उन्होंने लिखा, "शानदार फिटनेस, लंबे स्पेल और अलग-अलग मिट्टी पर खेलने के बावजूद आकिब हमेशा अपनी टीम के लिए उपलब्ध रहे। उन्होंने पिच से मदद ना मिलने के बावजूद भी टीम को यह भरोसा दिलाया कि वह हर महत्वपूर्ण समय पर विकेट निकाल सकते हैं।"

कार्तिक ने आकिब नबी को एक चैंपियन खिलाड़ी बताते हुए उन्हें सलाम किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकिब भविष्य में सफलता के शिखर पर पहुंचेंगे और उनकी इच्छा शक्ति, काबिलियत और हिम्मत हर युवा खिलाड़ी के लिए सबक बनेगी।

रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम पुंडीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 121 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं, कप्तान पारस डोगरा ने 70 और यावर हसन ने 88 रनों का योगदान दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने पहली पारी में 5 विकेट खोकर 220 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 130 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि कृतिक कृष्णा 27 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। फिलहाल कर्नाटक 364 रन से पीछे है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top