नेतन्याहू ने पीएम मोदी को बताया 'महान मित्र-भाई', तरुण चुघ बोले- यह गहरा विश्वास और वैश्विक सम्मान का प्रतीक

नेतन्याहू की ओर से पीएम मोदी को 'महान मित्र' और 'भाई' कहना गहरे विश्वास का प्रतीक है: तरुण चुघ


नई दिल्ली, 26 फरवरी। भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा भारत को 'महान मित्र' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'भाई' कहना केवल कूटनीतिक शिष्टाचार नहीं है, बल्कि गहरे विश्वास और साझा मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

तरुण चुघ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि इजरायल की संसद में प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च सम्मान मिला और अब तक 29 देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा है। इससे स्पष्ट होता है कि भारत अब वैश्विक मंच पर केवल दर्शक नहीं, बल्कि निर्णायक और सहयोगी साझेदार बन चुका है।

पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स होने पर उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम जैसी दुनिया के सबसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म पर 100 मिलियन फॉलोअर्स होना इस बात का संकेत है कि जेन-जी प्रधानमंत्री मोदी से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने दावा किया कि आज प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे प्रशंसित, गतिशील और भरोसेमंद नेताओं में से एक हैं।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में हुए प्रदर्शन पर भी तरुण चुघ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया 'शर्टलेस प्रदर्शन' साधारण विरोध नहीं था, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करने का प्रयास था। सामने आए तथ्यों से संकेत मिलता है कि यह शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर रची गई एक बड़ी साजिश थी, जो अंतरराष्ट्रीय एजेंडे का हिस्सा हो सकती है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या लोकतांत्रिक व्यवस्था का दुरुपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा और क्या अपराधियों को संरक्षण मिलेगा। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि गंभीर जवाबदेही का विषय बताया और कहा कि कानून सब पर समान रूप से लागू होना चाहिए। जो भी कानून अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने एआई समिट में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में शिमला से यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस टीम आरोपियों को दिल्ली ला रही थी, तब शिमला पुलिस के साथ टकराव की स्थिति बन गई। इस घटनाक्रम के बाद शिमला में दिल्ली पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top