बेंगलुरु, 26 फरवरी। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने पीयूष गोयल की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संबंध में दिए बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संदर्भ में दिया गया बयान पूरी तरह से अनुचित है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमें यह समझना होगा कि यह पहली मर्तबा नहीं है कि जब हमारे नेता राहुल गांधी को लेकर इस तरह का बयान दिया गया हो, बल्कि इससे पहले भी उनके फौलादी हौसलों को पस्त करने के मकसद से इस तरह के बयान दिए जा चुके हैं।
मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि बेशक ये लोग जितना चाहें उतना हमारे नेता राहुल गांधी पर बयान दे लें, लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि वो हर प्रकार की परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं। उन्हें रोका नहीं जा सकता है। मैं समझ सकता हूं कि इस तरह का बयान उनके मनोबल को गिराने के लिए दिया जा रहा है, लेकिन इससे किसी को भी कुछ प्राप्त होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि जाहिर सी बात है कि पीयूष गोयल हमारे नेता राहुल गांधी को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं। उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर सकते हैं। पीयूष गोयल को हमेशा से ही हमारे नेता राहुल गांधी की कार्यशैली से आपत्ति रही है, इसलिए वे इस तरह का बयान दे रहे हैं, जिसे मैं पूरी तरह से अनुचित समझता हूं।
कर्नाटक सरकार में गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि राहुल गांधी हमारे नेता हैं। वे राजनीति का प्रमुख चेहरा हैं, जिन्होंने राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है। साथ ही, वे कांग्रेस पार्टी का चेहरा हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा के लोग उनके संबंध में टिप्पणी तो करेंगे ही।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता के नेता हैं, जो जनता की आवाज को प्रमुखता से उठाते हैं। वे जनता की आवाज को राजनीति में जगह देते हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा का राहुल गांधी से डरना लाजिमी है ही।