एमपी की आजीविका दीदियों की अनूठी सौगात, सीएम ने होली हैम्पर वाहनों को दिखाई हरी झंडी, घर-घर पहुंचेगी खुशी

मध्य प्रदेश की आजीविका दीदियों ने तैयार किया स्पेशल होली हैम्पर, 7 वाहनों को सीएम ने दिखाई हरी झंडी


भोपाल, 25 फरवरी। रंगों का पर्व होली करीब है और इस बार प्राकृतिक रंगों से यह पर्व मनाया जाए। आम लोगों को अन्य सामग्री आसानी से मिल सके इसके लिए मध्य प्रदेश की ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदियों ने स्पेशल होली हैम्पर तैयार किया है। इन हैम्परों को लेकर राजधानी से आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के सात वाहन निकले, जिन्हें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाई।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की दीदीयों द्वारा तैयार स्पेशल होली हैम्पर को लॉन्च किया गया। इसमें प्राकृतिक रंग, देशी घी, मिष्ठान, गोकाष्ठ, पूजन सामग्री और टीशर्ट जैसे 10 उत्पाद शामिल हैं। उज्जैन, सागर, कटनी, सीहोर और रीवा जिले की दीदीयों द्वारा तैयार होली हैम्पर पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ किया और होली हैम्पर वाले सात वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में स्वसहायता समूहों की आजीविका मिशन क्षमतावर्धन कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहा है कि आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियां एकता की शक्ति का सजीव उदाहरण हैं। बहनों द्वारा एकजुटता से किए जा रहे प्रयास बंद मुट्ठी लाख की के भाव को चरितार्थ करते हुए देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। बहनें आज ट्रैक्टर से लेकर ड्रोन तक चलाने के साथ गैस और पेट्रोल रिफिलिंग जैसे कार्य भी कर रही हैं। कैफे संचालन से लेकर मार्केट का टारगेट पूरा करने में अव्वल बहनें अचार, पापड़ निर्माण सहित कई छोटे उद्योगों से बेहतर कमाई कर रही हैं। भारतीय संस्कृति में मातृ सत्ता का विशेष महत्व है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश की बहनें सशक्त हो रही हैं। प्रदेश के 5 लाख स्व-सहायता समूहों से 65 लाख से अधिक दीदियां जुड़कर सशक्त हुई हैं। इनमें से 12 लाख से अधिक दीदियां लखपति दीदी बन चुकी हैं। राज्य सरकार प्रदेश की बहनों के सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि स्व-सहायता समूहों ने एक वर्ष में विभिन्न कंपनियों और मेलों के माध्यम से 310 करोड़ रुपए का व्यापार किया है। मध्य प्रदेश, देश का सर्वाधिक प्राकृतिक खेती वाला राज्य है। स्व-सहायता समूहों की 50 हजार बहनें प्राकृतिक खेती में जुटी हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में महिला बाल विकास विभाग में 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। साथ ही, बजट का कुल 34 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण विकास पर खर्च किया जाएगा।

कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, कौशल विकास मंत्री गौतम टेटवाल और पंचायत और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह उपस्थित थीं। इस मौके पर विभिन्न जिलों के स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा विभिन्न उत्पादों के स्टालों का अवलोकन कर दीदियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री यादव ने आजीविका मार्ट ग्वालियर, जबलपुर एयरपोर्ट पर स्व-सहायता समूहों के रिटेल आउटलेट और संभागीय एवं जिला स्तर पर होली मेलों का वर्चुअली शुभारंभ किया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top