ओ2 लंदन में 22 मार्च को बादशाह का मेगा कॉन्सर्ट, श्रेया घोषाल के आशीर्वाद से बढ़ा उत्साह

ओ2 लंदन में 22 मार्च को बादशाह का मेगा कॉन्सर्ट, श्रेया घोषाल के आशीर्वाद से बढ़ा उत्साह


मुंबई, 25 फरवरी। भारत के प्रसिद्ध रैपर, सिंगर, गीतकार और संगीत निर्माता आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें लोग बादशाह के रूप में जानते हैं, उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम से बुधवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो इंडियन आइडल के सेट पर भारत की सबसे प्रसिद्ध और प्रमुख प्लेबैक सिंगरों में से एक श्रेया घोषाल से बात करते नजर आ रहे हैं।

बादशाह वीडियो में श्रेया घोषाल से आशीर्वाद लेते हुए कहते हैं, "मैं लाइफ में पहली बार ओ2 में लाइव परफॉर्म करने वाला हूं, और मैंने कभी भी किसी भी इतने बड़े एरिना में सोलो परफॉर्म नहीं किया है, तो मुझे बहुत नर्वसनेस हो रही है।" इसे लेकर उन्होंने श्रेया से टिप्स और आशीर्वाद मांगे, जिस पर श्रेया ने बादशाह के मनोबल को बढ़ाते हुए कहा, "तुम शानदार हो, मैं तुम्हें क्या टिप्स दूं, यार? तुम्हें किसी की जरूरत नहीं है। तुम कमाल हो।"

इसके बाद बादशाह ने श्रेया से आशीर्वाद मांगा, जिसके बाद श्रेया कहती है, "तुम वहां कमाल कर दोगे। कृपया जो भी इस वीडियो को देख रहे हैं, आप जानते हैं कि बादशाह ओ2 में आने वाले हैं। आप सभी को वहां होना चाहिए, बादशाह का प्रदर्शन देखना चाहिए, क्योंकि स्टेज पर उसकी एनर्जी अलग लेवल पर होगी, और जिस तरह की चीजें वह मंच के लिए तैयार करते हैं, उसके विचार इस दुनिया से परे हैं। वह हमेशा लीक से हटकर गाते हैं। ब्लॉकबस्टर गानों का 'बादशाह' है ये, और क्या चाहिए? पार्टी यहीं से शुरू होगी। आ जाओ यार, सब आ जाओ। मैं बहुत खुश हूं। ऑल द बेस्ट यार, तुम कमाल कर दोगे।"

वीडियो में श्रेया और बादशाह की बॉन्ड कमाल की नजर आती है। पोस्ट पर कुछ ही घंटे में लाखों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। वीडियो पर लगातार कमेंट का सिलसिला जारी है। बादशाह ने वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट कैप्शन में लिखा, "मैंने आशीर्वाद मांगा। उन्होंने मुझे विश्वास दिलाया। जैसे-जैसे हम अपने पहले ओ2 कॉन्सर्ट के करीब आ रहे हैं, मैं इन शब्दों को गर्व के साथ मंच पर प्रस्तुत करूंगा और अपने दर्शकों को अपना सब कुछ और उससे भी अधिक दूंगा।"

बादशाह 22 मार्च को ओ2 लंदन में सोलो कॉन्सर्ट करेंगे। उन्होंने आगे लिखा, "आइए और देखिए कि हम क्या निर्माण कर रहे हैं।" बादशाह मुख्य रूप से हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी गानों के लिए मशहूर हैं, जिन्होंने 2006 में यो यो हनी सिंह के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।

वहीं, श्रेया घोषाल ने 2002 में फिल्म 'देवदास' से बॉलीवुड में अपने शानदार सिंगिंग करियर की शुरुआत की और अब तक हिंदी, बंगाली, तमिल और तेलुगु सहित कई भाषाओं में हजारों गाने गा चुकी हैं। अपनी लाजवाब गायकी के लिए श्रेया कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कारों से सम्मानित हो चुकी हैं। वह देश की सबसे लोकप्रिय सिंगर्स में से एक हैं।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
11,083
Messages
11,120
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top