सीएम योगी ने निवेश कंपनियों के लिए खोले द्वार, 500 एकड़ में विकसित हो रही 'जापान इंडस्ट्रियल सिटी'

सीएम योगी ने निवेश कंपनियों के लिए खोले द्वार, 500 एकड़ में विकसित हो रही 'जापान इंडस्ट्रियल सिटी'


नोएडा, 25 फरवरी। जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेश और औद्योगिक सहयोग को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जापानी निवेशकों के लिए एक विशेष 'जापान इंडस्ट्रियल सिटी' विकसित की जा रही है, जिसकी निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है।

यह इंडस्ट्रियल सिटी लगभग 500 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी और इसका उद्देश्य जापान की कंपनियों को विश्वस्तरीय औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराना है। सीएम योगी ने जापान के बिजनेस हेड्स को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है। बीते नौ वर्षों में राज्य में 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार हुआ है।

सीएम योगी ने कहा कि भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने जा रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द ही संचालित होने वाला है। जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा। एयरपोर्ट के आसपास 27 बिजनेस पार्क भी विकसित किए जाएंगे, जिससे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और वैश्विक कंपनियों को निवेश का बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान की कई कंपनियों ने नोएडा क्षेत्र में निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई है और कुछ ने निवेश भी किया है। ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार देश-विदेश की कंपनियां संपर्क कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के सिद्धांत पर काम कर रही है और निवेशकों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री सिंगापुर दौरे पर भी गए थे, जहां हजारों करोड़ रुपए के निवेश का रास्ता साफ हुआ था। अब जापान दौरे के माध्यम से उत्तर प्रदेश को एशियाई निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जेवर एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top