मोहन यादव ने राहुल गांधी को याद दिलाया 'ताले' वाला इतिहास: बोले- हल्की बात छोड़ो, महाकाल से मांगो माफी

'कांग्रेस के शासनकाल में उद्योगों पर लगे थे ताले', मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी को याद दिलाया इतिहास


भोपाल, 25 फरवरी। मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई आरोप लगाए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राहुल गांधी ने बहुत हल्की बात कही है। उन्हें बाबा महाकाल से क्षमा याचना करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में लगातार सरकारों के प्रयास जारी हैं। मध्य प्रदेश सरकार भी किसानों के हित में फैसला कर रही है, योजनाएं चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों के नाम पर राजनीति करना चाहते हैं। वास्तविकता यह है कि देश में एक परिवार ने लंबे समय तक शासन किया है और अब राहुल गांधी किसानों के जरिए अपनी राजनीति की संभावनाएं तलाश रहे हैं, जो पूरी नहीं होने वाली। उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किसानों के हित सर्वोपरि हैं। उसको भूलकर कई हल्की बातें राहुल गांधी की ओर कही गईं, जिसकी मैं निंदा करता हूं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बाबा महाकाल से उन्हें सद्बुद्धि देने की कामना करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को बाबा महाकाल से क्षमा याचना करना चाहिए।

केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों के हित में किए जा रहे कामों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए उनके खेतों में जाकर और उनके साथ संवाद कर अनुकूल वातावरण बनाया है। मध्य प्रदेश वही स्थान है जहां 'नदी जोड़ो' की सौगात सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी। मध्य प्रदेश को 10 प्रतिशत राशि देनी होगी, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। इसके माध्यम से किसानों का भला होगा।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सभी क्षेत्रों में समान रूप से आगे बढ़ रहा है। राज्य में खेती, उद्यानिकी, सिंचाई कपास उत्पादक किसानों के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

धार जिले में मित्र पार्क बनाए जाने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "इससे छह लाख किसानों को जोड़कर कपास से लेकर धागे, कपड़ा और रेडीमेट गार्मेंटस बनाए जाएंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन काल में ही हो सकता था। कांग्रेस के शासनकाल में उद्योगों में ताले लगे थे।"

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को याद दिलाया कि कांग्रेस के शासनकाल में काले पन्नों का इतिहास रहा है और किसानों पर अत्याचार होता था।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,399
Messages
10,436
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top