तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर करारा वार: 'बिहार में बेलगाम अपराधी, जिम्मेदारी से भाग रहे मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री'

बिहार में अपराधी बेलगाम, सरकार में कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं: तेजस्वी यादव


पटना, 25 फरवरी। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं, लेकिन इसकी जिम्मेदारी न मुख्यमंत्री ले रहे हैं और न ही दोनों उपमुख्यमंत्री।

बिहार विधानमंडल परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं और सरकार का कोई इकबाल नहीं रह गया है। अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और जिसे मन कर रहा है, वह गोली मार दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। राजद नेता ने कहा, "प्रदेश में अपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। कानून व्यवस्था प्रदेश में पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। अपराधी इस मौजूदा सरकार में राज कर रहे हैं। अपराधी जो करना चाह रहे हैं वह कर रहे हैं।"

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वे सबसे कमजोर स्थिति में हैं। उनको कुछ याद नहीं रहता है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने अब तक मुख्यमंत्री रहते हुए कभी गृह मंत्रालय किसी और को नहीं सौंपा था, लेकिन अब उनसे गृह मंत्रालय ले लिया गया है।

उन्होंने कहा कि जो लोग चीख-चीखकर अपराध की बात करते हैं वे आईना देखें कि उनके शासनकाल में अपराध किस तरह बढ़ रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार के सीमांचल दौरे को लेकर सवाल पर राजद नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर यह सब कवायद है। घुसपैठ कोई मुद्दा ही नहीं है। तेजस्वी ने सीधे आरोप लगाया कि इससे पहले भी झारखंड और बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मुद्दा उठाया गया था।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,403
Messages
10,440
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top