गंभीर बीमार बसपा विधायक उमाशंकर के घर IT छापे पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भड़के: 'मेरी बेटी ब्याही है'

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर छापा, यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जताई नाराजगी


लखनऊ, 25 फरवरी। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर छापेमारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आयकर विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह के घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में अगर उनके जीवन को कोई हानि होती है तो ये संवेदनहीन संस्थाएं जिम्मेदार होंगी।

राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बलिया के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह के घर में मेरी बेटी ब्याही है। उनके घर में आयकर विभाग की ओर से छापेमारी की जा रही है।"

उन्होंने आगे लिखा, "देश-प्रदेश के नेता और आयकर विभाग समेत सभी संस्थाओं को पता है कि उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक समय से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में उमाशंकर सिंह के लिए धनार्जन नहीं, सांसें बचाने में ही सारा समय और धन व्यय हो रहा है। सभी व्यवसाय लगभग बंद हो गए हैं। आज अपने आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं। विधानसभा का सत्र एक विधायक के लिए महत्वपूर्ण होता है, लेकिन एक घंटे के लिए भी नहीं जा सके।"

दिनेश प्रताप सिंह ने लिखा, "इस समय उनके घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है। अगर उनके जीवन को कोई हानि होती है तो ये संवेदनहीन संस्थाएं जिम्मेदार होंगी।" उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परिस्थितियों में दुर्लभतम अपराधों में भी माननीय न्यायालय दया के आधार पर याचिका स्वीकार कर दोषमुक्त कर देते हैं।

आयकर विभाग ने बुधवार को बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर छापे मारे हैं। जानकारी सामने आई है कि लखनऊ में उनके आवास और सोनभद्र के ठिकानों पर रेड मारी गई है। बलिया स्थित आवास और कार्यालय में भी छापेमारी हुई है।
 

Similar threads

Latest Replies

Forum statistics

Threads
10,384
Messages
10,421
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top