नई दिल्ली, 25 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर इजरायल गए हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को भाजपा नेता बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं और द्विपक्षीय संबंधों के मजबूत होने की बात कह रहे हैं।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से कहा "प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल दौरा बहुत महत्वपूर्ण है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत और इजरायल के मधुर संबंध हैं। पीएम के दौरे से एक अच्छा संदेश पूरी दुनिया में जाएगा।"
भाजपा सांसद नरेश बंसल ने आईएएनएस से कहा, "प्रधानमंत्री समय-समय पर विदेश यात्रा करते हैं और विदेशी राष्ट्राध्यक्ष भी हमारे देश का दौरा करते हैं। इन मुलाकातों से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में काफी मदद मिली है।"
इजरायल दौरे से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति में पीएम मोदी ने कहा, "मेरे दोस्त प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बुलावे पर 25-26 फरवरी को इजरायल की राजकीय यात्रा पर जा रहा हूं। भारत और इजरायल के बीच एक मजबूत और कई तरह की स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप है, जिसमें हाल के सालों में जबरदस्त ग्रोथ और तेजी देखी गई है।"
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कहा, "इस यात्रा के दौरान मैं इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करूंगा। मुझे इजरायली संसद 'नेसेट' को संबोधित करने का भी अवसर मिलेगा। यह अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों को श्रद्धांजलि होगा।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं उन भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों से बातचीत करने का भी बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं, जो लंबे समय से भारत-इजरायल की खास दोस्ती को बढ़ावा दे रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरी यात्रा दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करेगी, रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य तय करेगी। इसके साथ ही, एक मजबूत, इनोवेटिव और खुशहाल भविष्य के लिए हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाएगी।"
गौरतलब है कि लगभग 9 साल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर इजरायल गए हैं। वे नेसेट यानी इजरायली संसद को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वो भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री मोदी दो दिन में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।