टी20 वर्ल्ड कप: हैरी ब्रूक के शतकीय कमाल से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया, दर्ज की रोमांचक जीत

टी20 वर्ल्ड कप: कप्तान हैरी ब्रूक ने खेली शतकीय पारी, इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया


पल्लेकेले, 24 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया। कप्तान हैरी ब्रूक की शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान से मिले 165 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट खोकर 19.1 ओवर में हासिल कर लिया।

165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, जोस बटलर की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही, और वह 2 रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार बने। जैकब बेथेल 8 रन ही बना सके, जबकि टॉम बैंटन 2 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार नंबर तीन पर उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। करन 16 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, ब्रूक ने एक छोर संभाले रखा और अपने टी-20 करियर का पहला शतक 50 गेंदों में पूरा किया।

इंग्लिश कप्तान ने महज 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए। विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि उस्मान तारिक ने 2 विकेट निकाले।

पारी के 19वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने विल जैक्स और जेमी ओवरटन को पांच गेंदों के अंदर आउट करते हुए पाकिस्तान की वापसी करने का प्रयास किया, लेकिन 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाते हुए इंग्लैंड को जीत दिला दी।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 164 रन लगाए। टीम की तरफ से साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 45 गेंदों में 63 रनों की लाजवाब पारी खेली। वहीं, फखर जमान ने 25 रनों का योगदान दिया। बाबर आजम ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए। शादाब खान ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में 23 रन बनाए।

गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, जोफ्रा आर्चर ने 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि जेमी ओवरटन ने 2 विकेट निकाले। इस हार के साथ ही पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। वहीं, इंग्लैंड ने सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अपनी स्थिति को बेहद मजबूत कर लिया है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top