पाकिस्तान में 5 दिन से लापता कनाडाई शोधार्थी हमजा, कहां गया? परिवार ने पुलिस पर जांच में लापरवाही का आरोप लगाया

पाक‍िस्‍तान में पांच द‍िन से लापता कनाडाई शोधार्थी का नहीं म‍िला सुराग, पर‍िवार ने जांच में ढ‍िलाई का लगाया आरोप


इस्लामाबाद, 24 फरवरी। पाकिस्‍तान में क‍िडनैप हुए कनाडाई शोधार्थी हमजा अहमद खान के बारे में लाहौर पुल‍िस के हाथ अब तक कोई जानकारी नहीं लगी है। पाक‍िस्‍तानी मीड‍िया के अनुसार, हमजा अहमद को 19 फरवरी की सुबह क‍िडनैप क‍िया गया, जब वे लाहौर स्‍थ‍ित अपने आवास से बाहर न‍िकले हुए थे।

पाकिस्तान के अखबार डॉन के अनुसार, एफआईआर खान के मित्र यूसुफ रशीद की शिकायत पर दर्ज की गई। एफआईआर के मुताबिक, हमजा अहमद खान डॉक्टरेट कर रहे थे। अहमद 13 फरवरी को अपनी पीएचडी थीसिस पर काम करने के लिए पाकिस्तान पहुंचे और मित्र यूसुफ रशीद के साथ डीएचए इलाके में ठहरे हुए थे। रशीद ने कहा कि 19 फरवरी को रात 1 से 2 बजे के बीच अहमद ने एक राइड-हेलिंग सेवा के जरिए कैब बुक की और घर से निकले थे। उसके बाद से वे लापता हैं।

रशीद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खुद अहमद को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हुए। उन्हें डर था कि उन्हें किडनैप कर लिया गया होगा। उन्होंने कथित किडनैपिंग के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

डॉन से बातचीत में अहमद के भाई अवैस अहमद खान ने बताया कि परिवार ने राइड-हेलिंग सेवा से उस द‍िन की यात्रा की जानकारी प्राप्त करने की कोश‍िश की। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा बीच रास्ते में रद्द कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि उनके भाई ने कैब में एक लड़की को उसके घर छोड़ा और फिर अपने निवास के लिए रवाना हुए, लेकिन वहां नहीं पहुंचे।

अवैस के अनुसार, उनके पास उस घर की सीसीटीवी फुटेज है, जहां हमजा अहमद खान ने लड़की को छोड़ा था और वहां से अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन वे घर नहीं पहुंचे।

उन्होंने कहा कि कैब कंपनी ने उन्हें विवरण नहीं दिया। उनका कहना है कि यदि कानून प्रवर्तन एजेंसियां संपर्क करेंगी, तो वे जानकारी उपलब्ध कराएंगे। अवैस ने कहा क‍ि अब तक पुलिस ने भी कंपनी से संपर्क नहीं किया है।

अवैस अहमद खान ने आरोप लगाया कि पुलिस परिवार के साथ सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वे मामला दर्ज कराने के लिए कनाडाई दूतावास से सहायता लेंगे और हमजा अहमद खान को खोजने के लिए अदालत में याचिका दायर करने पर भी विचार कर रहे हैं।

डॉन के अनुसार, अवैस अमेरिका में रहते हैं, जबकि उनका परिवार कराची का मूल निवासी है और उनके माता-पिता वर्तमान में वहीं रह रहे हैं।

मामले को लेकर सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (इन्वेस्टिगेशन) मुहम्मद नवीद ने कहा कि जांचकर्ताओं को अभी तक हमजा अहमद खान का पता नहीं चला है। पुलिस ने शिकायतकर्ता और राइड-हेलिंग सेवा से प्रारंभिक विवरण प्राप्त किए हैं।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top