होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ताबड़तोड़ छापेमारी, 7 नमूने लैब भेजे, मिलावट पर नकेल

होली से पहले एक्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में छापेमारी, 7 नमूने जांच को भेजे


गौतमबुद्ध नगर, 24 फरवरी। होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी और मानकहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमें लगातार बाजारों, डेयरियों, मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों में छापेमारी कर नमूने एकत्र कर रही हैं। विभाग का उद्देश्य है कि त्योहार के अवसर पर आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात चलाए गए विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-12 नोएडा की सब्जी मंडी स्थित ‘प्रतिष्ठा द डेयरी’ से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-143 नोएडा स्थित बीटीडब्ल्यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम और पनीर के एक-एक नमूने लिए।

अभियान के दौरान टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे पर 16 किलोमीटर के पास सबलपुर, अलीगढ़ की ‘सुशील की डेयरी’ की एक गाड़ी को भी रोका। वाहन से दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर की जांच की गई और उसका एक नमूना लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के समय बाहरी जिलों से बड़ी मात्रा में दूध, खोया और पनीर की सप्लाई होती है, इसलिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय और ओपी सिंह की टीम ने सेक्टर-37 नोएडा स्थित ‘सोहो किचेन एंड कंपनी’ से पिज्जा सॉस का एक नमूना लिया।

वहीं, अंतर्जनपदीय टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय गोरखपुर के नेतृत्व में कासना, ग्रेटर नोएडा स्थित के-51 साइट-5 यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में संचालित ‘अल्टीमेट सॉल्यूशन’ नामक खाद्य तेल निर्माण इकाई से सरसों तेल और नारियल तेल के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इस प्रकार कुल सात खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई भी नमूना मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी कहा कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपद वासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
10,184
Messages
10,221
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top