पल्लेकेले, 24 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को इंग्लैंड की भिड़ंत पाकिस्तान के साथ हो रही है। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। फहीम अशरफ की जगह पर शाहीन अफरीदी को मौका दिया है। टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। फहीम यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह पर शाहीन अफरीदी की वापसी हुई है।
दूसरी ओर, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया कि टीम के अंतिम एकादश में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। इंग्लैंड श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ ही मैदान पर उतरी है।
टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड संघर्ष करती हुई नजर आई थी। हालांकि, सुपर-8 राउंड का आगाज टीम ने धमाकेदार जीत के साथ किया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने 51 रनों से जीत दर्ज की थी। पल्लेकेले के मैदान पर टीम के स्पिन गेंदबाजों का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। विल जैक्स ने सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट निकाले थे, जबकि आदिल रशीद ने भी 2 विकेट चटकाए थे।
हालांकि, इंग्लैंड को अपने बल्लेबाजों से इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। श्रीलंका के खिलाफ फिल साल्ट को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। जोस बटलर और हैरी ब्रूक अब तक इस टूर्नामेंट में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए हैं।
दूसरी ओर, पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 राउंड का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। यही वजह है कि सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए इंग्लैंड को हर हाल में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
पाकिस्तान की ओर से बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन अब तक कमाल का रहा है। फरहान 4 मैचों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 220 रन बना चुके हैं। फरहान टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। वहीं, शादाब खान बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं।
पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में उस्मान तारिक इस विश्व कप में बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए हैं। वह 3 मैचों में 8 विकेट निकाल चुके हैं।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।