दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस का पलटवार, जयराम रमेश बोले- न डरेंगे, न रुकेंगे; ये है डराने की राजनीति

‘हम न डरेंगे और न ही रुकेंगे,' उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर बोले कांग्रेस सांसद जयराम रमेश


नई दिल्ली, 24 फरवरी। दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि इस गिरफ्तारी से हम डरने वाले नहीं हैं। हम न डरेंगे और न ही रुकेंगे।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और कार्यकर्ताओं की खुलेआम अवैध गिरफ्तारी की, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है। साफ तौर पर यह एक शांतिपूर्ण और वैध विरोध प्रदर्शन था। केंद्र सरकार को किसानों के बढ़ते आक्रोश का भी सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्होंने उनके साथ विश्वासघात किया है और ट्रेड डील के मुद्दे पर आत्मसमर्पण कर दिया है।

रमेश ने कहा कि यह सब परेशान करने की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है। इसे देश की जनता पहचान चुकी है। जो डरते हैं, वे डराने की कोशिश करते हैं। कांग्रेस न तो डरेगी और न ही रुकेगी। वह इस सरकार द्वारा फैलाए जा रहे खुलेआम झूठ को बेनकाब करती रहेगी। इस ‘मर्डर ऑफ डेमोक्रेसी इन इंडिया’ के खिलाफ कांग्रेस बिना डरे, दृढ़ता से लड़ती रहेगी।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। युवा कांग्रेस के साथियों ने सत्ता के खिलाफ निडर होकर देशहित में आवाज उठाई है। अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते में हमारे किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और डेटा सुरक्षा के हितों से समझौता किया गया है। जब भाजपा विपक्ष में थी, तब कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान उन्होंने भी प्रदर्शन किए थे, पर आज वही सत्ता सच को दबाने के लिए तानाशाही और कायरता का परिचय दे रही है। इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी इसका प्रमाण है। हम अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि सच्ची देशभक्ति है। सच और संविधान हमारे साथ हैं।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि उदय की इन किरणों को ये बादल क्या रोकेंगे, ये तो है तपती ज्वाला, आग में क्या झोकेंगे। उदय भानु चिब की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी ये बताती है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों से डरने वाली सरकार युवाओं की आवाज को कुचलने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। हम सब इनकी कड़ी निंदा करते हैं और युवा कांग्रेस के गिरफ्तार सभी साथियों की तुरंत रिहाई की मांग करते हैं।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
10,175
Messages
10,212
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top