कांगड़ा, 24 फरवरी। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रविरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन चुके हैं। कांगड़ा में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेता पर कई गंभीर आरोप लगाए।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन गए हैं। वह भारत विरोधी एजेंडा चलाते हैं, नेगेटिव पॉलिटिक्स को बढ़ावा देते हैं और अराजकता फैलाने का प्रयास करते हैं। अब उनका एकमात्र काम झूठ बोलना, कन्फ्यूजन पैदा करना, भारत को बदनाम करना और मोदी विरोधी पॉलिटिक्स करना है। जब भारत की इकॉनमी सबसे तेजी से बढ़ रही है, तो वह इसे 'डेड इकॉनमी' कहते हैं। उन्हें भारत की तरक्की पसंद नहीं है।
भाजपा सांसद ने कहा कि पूरी दुनिया ने एआई समिट की तारीफ की, वहां राहुल गांधी के इशारे पर उनके कार्यकर्ता शर्टलेस प्रोटेस्ट कर देश की छवि को धूमिल करने की कोशिश की। क्या राहुल गांधी की राजनीति विदेशों से तय हो रही है। कांग्रेसी विदेशियों का एजेंडा चला रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जॉर्ज सोरेस के कहने पर चल रही है। कांग्रेस पार्टी राजीव गांधी फाउंडेशन में चंदा ले रही है और फिर चीन का गुणगान कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज राहुल का मतलब क्या हो गया है? आर से रार, ह से हुडदंग, ल से लंफगई। उनकी जगहंसाई हो रही है। सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या राहुल गांधी सच में नेता प्रतिपक्ष हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि संसद में महिला सांसदों को भेजकर पीएम की सीट का घेराव करना किस तरह की राजनीति है। विदेशी मंचों पर जाकर राहुल गांधी बयान देते हैं। एक के बाद एक झूठ बोलते हैं, उनका यही काम रह गया है। कांग्रेस अराजकता, अफवाह और दंगा फैलाने की हरसंभव कोशिश कर रही है। राहुल गांधी जो सोच रहे हैं, वह सफल नहीं होंगे।
राहुल गांधी लगातार भारत के संवैधानिक संस्थानों पर सवाल खड़े करते हैं। भारत के लोगों से नफरत करते हैं। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। नकारात्मक राजनीति करना उनका पेशा हो गया है। किस एजेंडे पर कांग्रेस चल रही है, यह देश को पता चल गया है।