बिहार में स्कूल-कॉलेजों के पास मांस-मछली बिक्री पर रोक, नीरज कुमार बोले- यह नया फैसला नहीं बल्कि सरकारी नीति है

बिहार में स्कूल-कॉलेज के पास मांस-मछली बेचने पर प्रतिबंध नया फैसला नहीं, ये सरकार की नीति: नीरज कुमार


पटना, 24 फरवरी। जेडीयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने अमित शाह के बिहार दौरे, स्कूल-कॉलेजों के पास मांस की दुकानों पर प्रतिबंध, झारखंड में एयर एम्बुलेंस दुर्घटना और लालू प्रसाद यादव की टिप्पणियों पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी।

नीरज कुमार ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर आते रहते हैं, लेकिन तीन दिवसीय दौरे की औपचारिक जानकारी अभी नहीं है। महत्वपूर्ण बात यह है कि सीमांचल में हमने जो विकास की आधारशिला रखी और जनता का समर्थन हमको विधानसभा में मिला। कुछ सीटों को छोड़ दीजिए, क्योंकि वह बांग्लादेश के बॉर्डर से जुड़ी हुई है। घुसपैठ 1989 में तब से हो रही है, जब से एसपी चौहान देश के गृहमंत्री थे और लालू प्रसाद मुख्यमंत्री थे। ये लोग घुसपैठ की चिंता तो करते थे लेकिन कार्रवाई नहीं करते थे। बिहार दौरे के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री इस पर नजरिया पेश करेंगे।"

नीरज कुमार ने कहा, "मछली और मांस बेचने वाली दुकानें मंदिरों या मस्जिदों जैसे धार्मिक स्थलों के पास पहले से नहीं हैं। अब स्कूलों और कॉलेजों के पास भी मांस-मछली नहीं बिकेगी। यह सरकार की मौजूदा नीति है, कोई नया फैसला नहीं है, इस पर विवाद का कोई कारण नहीं है। हम मछली क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"

नीरज कुमार ने कहा, "झारखंड में एयर एंबुलेंस का क्रैश होना दुखदायी है। इसका कारण तो एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को देखना है। इस हादसे के कारण की रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए। एआई समिट इस दुनिया को तकनीक से जोड़ने के लिए था, लेकिन जिन लोगों का रोल मॉडल चरवाहा विद्यालय रहा है, एआई समिट उनके समझने के लिए ऊपर की चीज है। इसलिए प्रभु इन्हें माफ कर दो, क्योंकि ये नहीं जानते कौन सा अपराध कर रहे हैं?"

एक सवाल के जवाब में नीरज कुमार ने कहा, "लालू प्रसाद राजनीति के वह नौटंकीबाज हैं, जिन्होंने 29 दिसंबर 1989 को लोकसभा में कहा था कि भागलपुर, भाजपा और आरएसएस को बदनाम करने के लिए भागलपुर दंगा कराया गया था। इसलिए लालू प्रसाद और राजद का चेहरा बेनकाब हो गया है।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
10,058
Messages
10,095
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top