कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी के दौरान चोटिल, फील्डिंग से रहीं दूर, स्मृति मंधाना ने संभाली टीम इंडिया की कमान

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: बल्लेबाजी के दौरान हरमनप्रीत कौर चोटिल, फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरीं


ब्रिस्बेन, 24 फरवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर अपडेट दिया है। मंगलवार को एलन बॉर्डर फील्ड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में बल्लेबाजी करते समय भारतीय कप्तान के बाएं घुटने में चोट लगी।

बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया, "बल्लेबाजी करते समय बाएं घुटने में चोट लगने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरीं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। उनकी गैरमौजूदगी में उप-कप्तान स्मृति मंधाना टीम की कप्तानी कर रही हैं।"

ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध वनडे सीरीज के शुरुआती मैच में भारतीय कप्तान ने अहम लेकिन धीमी पारी खेली। एशले गार्डनर की गेंद पर आउट होने से पहले कौर ने 84 गेंदों पर 53 रन बनाए। भारत की विश्व कप विजेता कप्तान को मेगन शट्ट का सामना करते समय घुटने में चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाई और बैटिंग जारी रखी। हालांकि, वह दूसरी पारी के लिए मैदान पर नहीं लौटीं।

ब्रिस्बेन में मंगलवार को जारी इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए भारतीय टीम 48.3 ओवरों में महज 214 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया 52 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने स्मृति मंधाना के साथ चौथे विकेट के लिए 72 गेंदों में 48 रन जुटाकर टीम का शतक पूरा करवाया।

मंधाना ने 68 गेंदों में 7 चौकों के साथ 58 रन बनाए, जबकि कप्तान कौर ने 84 गेंदों में 4 चौकों के साथ 53 रन जुटाए। इनके अलावा, काश्वी गौतम ने 44 गेंदों में 43 रन, जबकि ऋचा घोष ने 38 गेंदों में 23 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से एश्ले गार्डनर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मेगन शट्ट ने 2 विकेट निकाले। डार्सी ब्राउन, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्राथ और सोफी मोलिनेक्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
 

Similar threads

Forum statistics

Threads
10,234
Messages
10,271
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top