सिकंदर रजा का बेबाक बयान: वेन्यू बदलना बहाना नहीं, हार से सबक लेकर आगे बढ़ना है हमारा लक्ष्य

वेन्यू बदलना मुझे परेशान नहीं करता, मायने यह रखता है कि हमने क्या सीखा: सिकंदर रजा


मुंबई, 23 फरवरी। जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में 107 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। जिम्बाब्वे की टीम ने अपने शुरुआती चार मुकाबले श्रीलंका में खेले, लेकिन सुपर-8 मैच खेलने उसे भारत में आना पड़ा है। कप्तान सिकंदर रजा ने वेन्यू बदलने की चुनौतियों को लेकर कहा है कि इससे उन्हें परेशानी नहीं होती। उनके लिए यह जरूरी है कि टीम इस हार से कुछ सीख लेकर जाए।

कप्तान सिकंदर रजा ने वेन्यू बदलने की चुनौतियों को लेकर कहा, "मैं इस तरह नहीं सोचना चाहता। अगर हम वेन्यू या देश बदलने के बारे में सोचते रहेंगे, तो इस मैच से कुछ नहीं सीख पाएंगे। मेरे लिए और जिम्बाब्वे के लिए यह जरूरी है कि हम इससे कुछ सीख लेकर जाएं। बहाने मदद नहीं करते। अगर हमें आगे जाना है, तो हमें हर जगह अच्छा क्रिकेट खेलना होगा, चाहे यहां हो या श्रीलंका में। इसलिए वेन्यू बदलना मुझे परेशान नहीं करता। मायने यह रखता है कि इस मैच से हमने क्या सीखा।"

कप्तान ने वानखेड़े स्टेडियम की पिच को लेकर कहा, "हमें उम्मीद थी कि पिच सपाट और सही रहेगी, लेकिन बाद में टर्न लेने लगी और वहीं हम नियंत्रण खो बैठे। अनुभव के लिहाज से यह शानदार मैच रहा। लड़कों को धीमी पिचों पर गेंदबाजी करने और ऐसे बल्लेबाजों के खिलाफ योजना बनाने की सीख मिलेगी, जो गेंद को जोर से और दूर तक मार सकते हैं। अगर फिर किसी छोटे मैदान पर वेस्टइंडीज जैसी टीम के खिलाफ खेलना हुआ, तो आज की सीख जरूर काम आएगी।"

255 रन के चेज को लेकर सिकंदर रजा ने कहा, “एक समय मैं और टोनी मुनयोंगा मान रहे थे कि आखिरी सात ओवर में 18 रन प्रति ओवर भी रह जाए, तो इस मैदान पर मौका रहता है। कनेक्ट होने पर गेंद सचमुच उड़ती है। योजना 12–13 रन प्रति ओवर की गति बनाए रखने की थी, जो कुछ समय तक बिना जोर लगाए हो भी रही थी। दुर्भाग्य से गुडाकेश मोती के स्पेल ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। लेकिन इस मैदान पर अगर दो सेट बल्लेबाज हों, तो आप कभी पूरी तरह बाहर नहीं होते, आखिरी पांच से आठ ओवर में बहुत रन बन सकते हैं।”

उन्होंने कहा, "इस हार के बावजूद, जब भी जिम्बाब्वे मैदान पर उतरता है, हमारा लक्ष्य जीतना होता है। हम दमदार प्रदर्शन करना चाहते हैं और सम्मान अर्जित करना चाहते हैं। अगर सामने भारत है, तो भी वही सोच रहेगी। दोनों टीमों ने मैच गंवाए हैं, साबित करने को बहुत कुछ है। हम आज की सीख लेंगे, चेन्नई के बारे में जो जानते हैं उसका इस्तेमाल करेंगे और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे, फिर देखा जाएगा क्या होता है।"
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top