टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा, दर्ज की अपनी दूसरी सबसे बड़ी धमाकेदार जीत

टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज ने दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत, जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा


मुंबई, 23 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को वानखेड़े के मैदान पर खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा। रनों के लिहाज से यह वेस्टइंडीज की टी20 विश्व कप की दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

वेस्टइंडीज से मिले 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। ग्रुप स्टेज में कमाल की फॉर्म में नजर आए ब्रायन बेनेट महज 5 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर-बल्लेबाज मारुमानी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

डायोन मायर्स ने 15 गेंदों में 3 चौके और दो छक्के लगाते हुए 28 रन बनाए। हालांकि, रयान बर्ल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। कप्तान सिकंदर रजा ने 20 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली, तो ब्रायन इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन बनाए। इवांस ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका और पूरी टीम 147 रन बनाकर ढेर हो गई।

गेंदबाजी में कैरेबियाई टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती और अकील हुसैन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए। गुडाकेश ने 4 ओवर में महज 28 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अकील ने 28 रन देकर 3 बड़े विकेट चटकाए।

इससे पहले वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। टीम की तरफ से शिमरोन हेटमायर ने 34 गेंदों में सर्वाधिक 85 रन बनाए। अपनी इस पारी में हेटमायर ने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रनों का योगदान दिया। शेरफेन रदरफोर्ड ने सिर्फ 13 गेंदों में 31 रन बनाए और वह नाबाद रहे। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज सुपर-8 के ग्रुप एक में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम अगले मैच में साउथ अफ्रीका से 26 फरवरी को भिड़ेगी।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,883
Messages
9,920
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top