मुंबई, 22 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को वानखेड़े के मैदान पर वेस्टइंडीज की भिड़ंत जिम्बाब्वे के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। यह वेस्टइंडीज का टी20 विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर भी है।
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कैरेबियाई टीम की शुरुआत खराब रही। ब्रेंडन किंग 12 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान शाई होप ने भी अपनी बल्लेबाजी से निराश किया और वह 12 गेंदें खेलने के बाद 2 चौकों की मदद से 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए मिलकर 122 जोड़े।
हेटमायर शुरुआत से ही ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करते हुए नजर आए और उन्होंने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हेटमायर ने सिर्फ 34 गेंदों का सामना करते हुए 85 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान हेटमायर ने सात चौके और 7 छक्के लगाए।
वहीं, पॉवेल ने फिफ्टी तक पहुंचने के लिए 29 गेंदें खेलीं। हेटमायर और पॉवेल के आगे जिम्बाब्वे का गेंदबाजी पानी मांगता नजर आया। पॉवेल ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 59 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में कैरेबियाई बल्लेबाज ने चार चौके और 4 छक्के लगाए।
रोमारियो शेफर्ड ने सिर्फ 10 गेंदों में 21 रन बनाए, जबकि जेसन होल्डर ने 4 गेंदों में 13 रनों का योगदान दिया। रदरफोर्ड ने महज 13 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 2 सिक्स की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। गेंदबाजी में जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजारबानी ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।
वेस्टइंडीज ने इस मैच के लिए अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। रोस्टन चेज को बेंच पर बैठाकर कप्तान शाई होप ने रोमारियो शेफर्ड को अंतिम एकादश में जगह दी है। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे ने मसाकाद्जा की जगह पर रिचर्ड नगारवा को अंतिम ग्यारह में शामिल किया है।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: ब्रेंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।
जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), ताशिंगा मुसेकीवा, टोनी मुनयोंगा, डियोन मायर्स, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजराबानी।