वडोदरा में आज से शुरू हो रही 72वीं सीनियर नेशनल मेंस कबड्डी चैंपियनशिप, PKL के धुरंधर दिखाएंगे दम

24 फरवरी से वडोदरा में 72वीं सीनियर नेशनल मेंस कबड्डी चैंपियनशिप की शुरुआत


नई दिल्ली, 23 फरवरी। वडोदरा के समा इंडोर कॉम्प्लेक्स में 24 से 27 फरवरी के बीच 72वीं सीनियर नेशनल मेंस कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में भारत से 31 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें करीब 400 खिलाड़ी खिताब के लिए कड़ा मुकाबला करेंगे।

एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) की तरफ से आयोजित इस टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रमुख खिलाड़ियों में पीकेएल सीजन 12 के शीर्ष 3 रेडर शामिल हैं। इनमें अयान लोहचब, देवांक दलाल और भरत हुड्डा भी हैं।

पिछले सीजन में दबंग दिल्ली को जीत दिलाने वाले आशु मलिक अब रेलवे की ओर से खेलेंगे। इस बीच, अर्जुन देशवाल उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।

इस टूर्नामेंट में तमिलनाडु के दीपक शंकर जैसे उभरते हुए टैलेंट दिखाई देंगे, जिन्होंने बेंगलुरु बुल्स के लिए 64 टैकल प्वाइंट्स हासिल किए थे और पीकेएल 12 में उन्हें सीजन का 'न्यू यंग प्लेयर' चुना गया। महाराष्ट्र की तरफ से पुणेरी पलटन के रेडर आदित्य शिंदे शामिल हैं, जिन्होंने पांच सुपर रेड के साथ 159 रेड प्वाइंट्स हासिल किए। हरियाणा के डिफेंडर नितेश कुमार भी हिमाचल प्रदेश के होनहार खिलाड़ी अनिल और मध्य प्रदेश के उदय परते के साथ मुकाबला करेंगे।

डिफेंडिंग चैंपियन सर्विसेज के खेमे में देवांक दलाल, नवीन कुमार, भरत हुड्डा, अंकित जगलान और जयदीप दहिया जैसे स्टार खिलाड़ी हैं। इन खिलाड़ियों के बूते टीम आगामी टूर्नामेंट में अपना टाइटल डिफेंड करने का लक्ष्य रखेगी। रेलवे, हरियाणा और महाराष्ट्र, जिनमें से हर एक के पास मजबूत टीमें हैं, उनसे कड़े मुकाबले की उम्मीद है, जिससे यह एक बहुत ही कॉम्पिटिटिव इवेंट होने की उम्मीद है।

यह टूर्नामेंट टॉप और उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक जरूरी प्लेटफॉर्म के तौर पर भी काम करेगा, जहां लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर नेशनल कैंप, इंडियन टीम और प्रोफेशनल लीग के लिए सिलेक्शन हो सकता है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top